MP MSP Wheat Procurement: एमपी में MSP पर रिकॉर्ड गेहूं खरीदी, 2 करोड़ क्विंटल स्लॉट बुक

MP MSP Wheat Procurement: मध्य प्रदेश में MSP पर रिकॉर्ड गेहूं खरीदी, 2 करोड़ क्विंटल के स्लॉट बुक, किसानों को करोड़ों का भुगतान, मंत्री ने दी जानकारी।

Update:2026-04-19 09:15 IST

MP MSP Wheat Procurement

भोपाल, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी चल रही है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया है कि अभी तक 4,61,271 किसानों द्वारा 1,96,92,550 क्विंटल गेहूं के विक्रय के लिए स्लॉट बुक किए जा चुके हैं।मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 1,36,237 किसानों से 59,48, 980 क्विंटल गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। किसानों को 575 करोड़ 86 लाख रुपए का भुगतान उनके बैंक खाते में किया जा चुका है। अभी तक 4,61,271 किसानों द्वारा एक करोड़ 96 लाख 92 हजार 550 क्विंटल गेहूं के विक्रय के लिए स्लॉट बुक किये जा चुके हैं। किसान गेहूं विक्रय के लिए 30 अप्रैल तक स्लॉट बुक कर सकते हैं।

उन्होंने बताया है कि खरीदी के लिए 3171 उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं। गेहूं की खरीदी कार्यालयीन दिवसों में होती है। सेटेलाइट ई-मेल में मिलान नहीं पाए गए खसरों को छोड़कर उसी किसान के शेष खसरों पर गेहूं की फसल विक्रय के लिये स्लॉट बुकिंग की सुविधा दी गई है। उपार्जन केन्द्र की क्षमता अनुसार उपज की तौल की जा सके एवं अधिक से अधिक किसानों से उपार्जन किया जा सके, इसके लिये प्रतिदिन प्रति उपार्जन केन्द्र पर गेहूं विक्रय के लिये स्लॉट बुकिंग की क्षमता 1000 क्विंटल से बढ़ाकर 1500 क्विंटल की गई है।

मंत्री राजपूत ने बताया है कि जिन जिलों में गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया शुरू हो गई है, वहां गेहूं विक्रय की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उपार्जन केन्द्रों में छायादार स्थान में बैठने और पेय जल की समुचित सुविधा उपलब्ध कराई गई है। केंद्र में बारदाने, तौल कांटे सिलाई मशीन, कंप्यूटर, इंटरनेट, गुणवत्ता परीक्षण उपकरण और उपज की साफ सफाई के लिए पंखा, छनना आदि की व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।

उन्‍होंने बताया है कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से 2585 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य एवं राज्य सरकार द्वारा घोषित 40 रूपये प्रति क्विंटल बोनस राशि सहित 2625 रूपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं का उपार्जन किया जा रहा है। समर्थन मूल्य पर उपार्जित गेहूं के सुरक्षित भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। उपार्जित गेहूं में से 45 लाख 92 हजार 610 क्विंटल गेहूं का परिवहन किया जा चुका है।

उन्‍होंने कहा कि प्रदेश में गेहूं उपार्जन के लिये इस वर्ष रिकार्ड 19 लाख 4 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3 लाख 60 हजार अधिक है। विगत वर्ष समर्थन मूल्य पर लगभग 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन किया गया था। इस वर्ष युद्ध की विपरीत परिस्थितियों के बावजूद किसानों के हित में सरकार द्वारा 78 लाख मीट्रिक टन गेहूं के उपार्जन का लक्ष्य रखा गया है, जो कि पिछले वर्ष से एक लाख मीट्रिक टन अधिक है।

--आईएएनएस

एसएनपी/एएसएच

Tags:    

Similar News