India vs Afghanistan: प्रभसिमरन और तिलक वर्मा की शानदार बल्लेबाज़ी, भारत ए ने खड़ा किया विशाल स्कोर
India vs Afghanistan: भारत ए और अफगानिस्तान ए के बीच दांबुला में खेले जा रहे ट्राई सीरीज मुकाबले में भारत ने 49 ओवर में 9 विकेट पर 349 रन बनाए। प्रभसिमरन सिंह और तिलक वर्मा ने शानदार पारियां खेलीं।
Tilak Varma
India vs Afghanistan: भारत ए और अफगानिस्तान ए के बीच ट्राई सीरीज का दूसरा मुकाबला रंगिरी दांबुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में 49 ओवर में 9 विकेट खोकर 349 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। प्रभसिमरन, ऋतुराज और तिलक ने अर्धशतकीय पारी खेली।
वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन की धमाकेदार शुरुआत
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत धमाकेदार रही। वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 74 रन जोडे़। वैभव ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए सिर्फ 22 गेंदों में 44 रन बनाए। हालांकि, वह अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके और 9 चौके लगाने के बाद पवेलियन लौटे। प्रियांश आर्या महज 8 रन बनाकर आउट हुए।
ऋतुराज गायकवाड़ और प्रभसिमरन की शानदार साझेदारी
इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ और प्रभसिमरन ने तीसरे विकेट के लिए 74 गेंदों में 79 रन जोड़े। ऋतुराज ने 80 गेंदों का सामना करते हुए 66 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं, प्रभसिमरन अपने शतक से चूक गए और 69 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 84 रन बनाकर आउट हुए। आयुष बदोनी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। हालांकि, कप्तान तिलक वर्मा ने अंत के ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। तिलक ने 73 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौकों की मदद से 66 रन बनाए।
सूर्यांश शेडगे और अनुकूल रॉय की उपयोगी पारियां
सूर्यांश शेडगे ने 27 गेंदों में 40 रनों की उपयोगी पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान 2 चौके और 2 छक्के लगाए। अरशद खान सिर्फ एक रन ही बना सके। अनुकूल रॉय ने 8 गेंदों का सामना करते हुए 2 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 16 रन बनाए।
अब्दुल्ला अहमदजई ने पांच विकेट झटके
वहीं, विपराज निगम ने 3 गेंदों में 8 रन बनाए। अफगानिस्तान ए की ओर से गेंदबाजी में अब्दुल्ला अहमदजई ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 9 ओवर में 68 रन देकर 5 विकेट झटके। वहीं, फरमानुल्लाह साफी ने 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं, कप्तान इमरान मीर ने 21 रन देकर एक विकेट चटकाया।