ऑस्ट्रेलिया को मिला खूंखार तेज गेंदबाज, डेब्यू मैच में चटका दिए 6 विकेट; इंग्लैंड की उड़ाई धज्जियां
AUS vs ENG : ऑस्ट्रेलियाई टीम के युवा तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन ने अपने डेब्यू मैच में ही इतिहास रचते हुए 6 विकेट चटका दिए। इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।
Mahli Beardman
AUS vs ENG: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज बेहद रोमांचक अंदाज में हुआ। इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हरा दिया। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के लिए युवा तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन ने डेब्यू किया और इसे यादगार बना दिया। उन्होंने इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर कहर बरपाते हुए 7.4 ओवर में 24 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। उनकी इस शानदार गेंदबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 131 रन पर समेट दिया। जवाब में इस टार्गेट को सिर्फ 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
हैरी ब्रूक और जो रूट जैसे दिग्गजों को किया आउट
महली बियर्डमैन ने अपने वनडे करियर का पहला विकेट इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक के रूप में हासिल किया। ब्रूक सिर्फ एक रन बनाकर विकेट के पीछे कैच आउट हुए। इसके बाद उन्होंने अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को 17 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। बियर्डमैन यहीं नहीं रुके। उन्होंने जॉर्डन कॉक्स, सैम करन, लियाम डॉसन और जोफ्रा आर्चर को भी अपना शिकार बनाया। इस तरह उन्होंने इंग्लैंड के छह बल्लेबाजों को आउट करके अपने पहले ही वनडे मुकाबले में इतिहास रच दिया।
38 साल पुराना रिकॉर्ड किया ध्वस्त
महली बियर्डमैन ने अपने प्रदर्शन से ऑस्ट्रेलियाई वनडे क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड बना दिया। वह वनडे डेब्यू पर ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले पुरुष गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड टोनी डोडेमाइड के नाम था, जिन्होंने 1988 में श्रीलंका के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में 21 रन देकर 5 विकेट लिए थे। बियर्डमैन ने 6/24 के आंकड़ों के साथ 38 साल पुराने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे डेब्यू में पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे पुरुष गेंदबाज भी बन गए हैं।
131 रनों पर सिमटी इंग्लैंड की टीम
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने इंग्लैंड की बल्लेबाजी पूरी तरह नाकाम रही। टीम 33.4 ओवर में 131 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। विल जैक्स ने 25 और गस एटकिंसन ने नाबाद 29 रन बनाकर टीम को किसी तरह 100 के पार पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से बियर्डमैन के अलावा स्पेंसर जॉनसन ने भी शानदार गेंदबाजी की और तीन विकेट अपने नाम किए।
ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट से जीता मुकाबला
132 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने आसानी से जीत हासिल कर ली। कप्तान मिचेल मार्श ने 30 गेंदों में 50 रनों की तूफानी पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया ने 23.3 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
महली बियर्डमैन कौन हैं?
महली बियर्डमैन 21 साल के ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज हैं और पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया से आते हैं। वह ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं। पर्थ की परिस्थितियों में उन्होंने 145 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी की और अपनी गति के साथ सटीक लाइन-लेंथ से इंग्लैंड के बल्लेबाजों को परेशान किया। उनके इस प्रदर्शन ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को भविष्य के लिए एक शानदार तेज गेंदबाज की उम्मीद दी है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय करियर की यह सिर्फ शुरुआत है और अब उनके सामने लगातार अच्छा प्रदर्शन करने की चुनौती होगी।