IND vs PAK: वैभव सूर्यवंशी और हर्षित राणा के पास बदला लेने का मौका, भारत- पाकिस्तान के बीच फिर होगा मैच!
IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच एक और फाइनल मैच हो सकता है। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी और हर्षित राणा के पास बड़ा मौका रहेगा
Image Source – Social Media
IND A vs PAK A: भारतीय टीम को राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया ने कड़ा मुकाबला किया लेकिन मैच को अपने नाम नहीं कर पाए। इस मैच में दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों के बीच काफी गहमागहमी भी देखने को मिली। कई ऐसे मौके आए, जब पाकिस्तान और भारत के खिलाड़ी आमने-सामने थे। हालांकि पाकिस्तान ने मुकाबला जीता और इसी वजह से उनके पास सेलिब्रेशन का मौका था। हालांकि अभी भी टूर्नामेंट में दोनों टीमों के बीच एक और मुकाबला हो सकता है।
वैभव सूर्यवंशी से पाकिस्तानी प्लेयर्स ने लिया था पंगा!
ग्रुप स्टेज में भले ही पाकिस्तान ने भारत को हरा दिया हो लेकिन दोनों टीमों के बीच आगे जाकर एक और मैच हो सकता है। तब वैभव सूर्यवंशी और हर्षित राणा के पास पाकिस्तान से हिसाब चुकता करने का मौका रहेगा। दरअसल इस मैच में वैभव सूर्यवंशी को पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने काफी स्लेज किया था। जैसे ही सूर्यवंशी 11 रन बनाकर आउट हुए, पाकिस्तानी प्लेयर्स ने उन्हें आक्रामक अंदाज में सेंड ऑफ दिया। वैभव सूर्यवंशी भी जवाब देने के लिए पीछे मुड़े लेकिन अभिषेक शर्मा ने आकर बीच-बचाव किया। तब जाकर मामला शांत हुआ।
हर्षित राणा से भी कई बार भिड़े पाकिस्तानी प्लेयर
वहीं गेंदबाजी के दौरान हर्षित राणा से पाकिस्तानी खिलाड़ी भिड़ते नजर आए थे। हर्षित राणा से कई बार पाकिस्तानी प्लेयर्स ने पंगा लिया। वहीं जब हर्षित बैटिंग करने के लिए आए तो जीरो पर आउट हो गए। जैसे ही वह आउट हुए, वैसे ही पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने उनके सामने जाकर आक्रामक अंदाज में सेलिब्रेशन किया। हर्षित राणा उस वक्त कोई जवाब नहीं दे पाए, क्योंकि वह बिना खाता खोले ही आउट हो गए थे और पाकिस्तान की टीम मैच जीत रही थी।
वैभव और हर्षित के पास हिसाब बराबर करने का मौका!
हालांकि अब हर्षित राणा और वैभव सूर्यवंशी के पास पाकिस्तान से बदला लेने का एक और मौका है। दरअसल भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल में एक बार फिर मुकाबला हो सकता है। पाकिस्तान ने लगातार दो मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। वहीं भारतीय टीम को अभी सेमीफाइनल का टिकट नहीं मिला है। टीम इंडिया अगर अपने अगले मैच में यूएई को हरा देती है, तो फिर वो सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएंगे। सेमीफाइनल में भारत का मैच श्रीलंका या बांग्लादेश से हो सकता है। अगर भारत और पाकिस्तान दोनों ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीते तो फिर फाइनल में एक बार फिर दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। तिलक वर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम उस मैच को जरूर जीतना चाहेगी।
टीम इंडिया को 48 रनों से मिली थी हार
आपको बता दें कि इस मैच में पाकिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 313 रन बनाए थे। इसके जवाब में टीम इंडिया 49.1 ओवर में 265 रन पर ही सिमट गई थी। कप्तान तिलक वर्मा ने शानदार शतकीय पारी खेली थी लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। उन्होंने शुरुआत में काफी धीमी बल्लेबाजी की थी और इसका खामियाजा भारतीय टीम को भुगतना पड़ा। अभिषेक शर्मा ने जरूर 42 गेंद पर 70 रनों की पारी खेली थी।