IPL इतिहास के वो 5 ट्रेड, जिन्होंने बदल दी टीमों की किस्मत; एक फैसले से बदल गई तकदीर
IPL Biggest Trades: IPL इतिहास के वो पांच बड़े ट्रेड, जिन्होंने टीमों की रणनीति और प्रदर्शन पर असर डाला। जानिए इन ट्रेड्स की पूरी कहानी।
Image Source – Social Media
IPL Biggest Trades: आईपीएल (IPL) में खिलाड़ियों की नीलामी के साथ-साथ ट्रेड विंडो भी फ्रेंचाइजी के लिए बेहद अहम होती है। कई बार टीमें अपनी जरूरत के हिसाब से किसी खिलाड़ी को दूसरी फ्रेंचाइजी से ट्रेड कर लेती हैं। इनमें से कुछ फैसले आगे चलकर काफी सही साबित होते हैं, तो वहीं कुछ फैसले रणनीति के लिहाज से गलत हो जाते हैं। आईपीएल इतिहास में अभी तक कुछ फैसले ऐसे हुए हैं जिन्होंने टीमों की रणनीति और प्रदर्शन दोनों पर बड़ा असर डाला।
हम आपको ऐसे ही 5 बड़े ट्रेड के बारे में बताते हैं जिन्होंने टीमों की किस्मत पलट दी। इस लिस्ट में कई धाकड़ खिलाड़ी शामिल हैं।
1.हार्दिक पंड्या: GT के कप्तान से MI तक
हार्दिक पंड्या का गुजरात टाइटंस से मुंबई इंडियंस में जाना IPL के सबसे चर्चित ट्रेड में से एक रहा था। आईपीएल 2022 के सीजन में गुजरात टाइटंस (GT) ने हार्दिक को अपना कप्तान बनाया था। उन्होंने पहले ही सीजन में टीम को चैंपियन बनाया और 2023 में भी उनकी कप्तानी में गुजरात फाइनल तक पहुंची थी।
इसके बाद नवंबर 2023 में हार्दिक 15 करोड़ रुपये की ट्रेड डील के तहत मुंबई इंडियंस में लौट आए। मुंबई ने उन्हें टीम की कप्तानी भी सौंपी। हालांकि यह फैसला टीम के प्रदर्शन के लिहाज से उतना सफल नहीं रहा। हार्दिक की कप्तानी में मुंबई उतना बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाई। यही वजह है कि अब मुंबई इंडियंस हार्दिक पांड्या को पंजाब किंग्स (PBKS) के साथ अर्शदीप सिंह के बदले ट्रेड कर रही है।
2.संजू सैमसन: RR से CSK का बड़ा सौदा
संजू सैमसन का राजस्थान रॉयल्स (RR) से चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में जाना IPL इतिहास के सबसे बड़े ट्रेड में शामिल है। इस डील के तहत चेन्नई ने राजस्थान को रविंद्र जडेजा और सैम करन के रूप में दो खिलाड़ी दिए थे। संजू के चेन्नई में आने से टीम को एक अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज मिला, जबकि राजस्थान को दो ऑलराउंडर मिले। इस ट्रेड ने दोनों फ्रेंचाइजी की टीम संरचना में बड़ा बदलाव किया।
3.अभिषेक शर्मा: DC से SRH पहुंचे
अभिषेक शर्मा का दिल्ली कैपिटल्स (DC) से सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) में जाना IPL के अहम ट्रेड में शामिल रहा। 2019 सीजन से पहले हुए इस सौदे में शिखर धवन दिल्ली पहुंचे थे, जबकि अभिषेक शर्मा हैदराबाद की टीम का हिस्सा बने। SRH में अभिषेक को अपनी प्रतिभा दिखाने का भरपूर मौका मिला। उन्होंने धीरे-धीरे टीम में अपनी जगह मजबूत की और आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर पहचान बनाई।
खासकर पावरप्ले में तेजी से रन बनाने की उनकी क्षमता ने उन्हें टीम का अहम खिलाड़ी बना दिया। आगे चलकर अभिषेक भारतीय टी20 टीम में भी अपनी जगह बनाने में सफल रहे। इस तरह दिल्ली से हैदराबाद जाना उनके IPL करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
4.ट्रेंट बोल्ट: DC से MI पहुंचे और दिलाया खिताब
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट का दिल्ली कैपिटल्स (DC) से मुंबई इंडियंस (MI) में जाना IPL के सबसे सफल ट्रेड में गिना जाता है। आईपीएल 2020 के सीजन से पहले मुंबई ने उन्हें 2.2 करोड़ रुपये में ट्रेड किया था।
बोल्ट ने मुंबई की गेंदबाजी को नई धार दी। उन्होंने IPL 2020 में 25 विकेट हासिल किए और जसप्रीत बुमराह के साथ मिलकर विरोधी बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कीं। मुंबई इंडियंस ने उस सीजन खिताब भी अपने नाम किया। बोल्ट का यह ट्रेड फ्रेंचाइजी के लिए बेहद फायदेमंद साबित हुआ।
5.हर्षल पटेल: DC से RCB पहुंचे और बने विकेटों के बादशाह
हर्षल पटेल का दिल्ली कैपिटल्स से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) में जाना भी एक अहम ट्रेड साबित हुआ। 2021 सीजन में हर्षल ने अपने प्रदर्शन से सबको चौंका दिया। उन्होंने उस सीजन 15 मैचों में 32 विकेट लिए और पर्पल कैप अपने नाम किया। वह एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंचे। RCB के लिए उनकी यह उपलब्धि बेहद खास रही और इस ट्रेड ने हर्षल के करियर को नई पहचान दी।
ट्रेड विंडो क्यों होती है इतनी अहम?
IPL में ट्रेड विंडो फ्रेंचाइजी को अपनी टीम की कमजोरियों को दूर करने का मौका देती है। किसी टीम को अनुभवी बल्लेबाज की जरूरत होती है तो कोई तेज गेंदबाज या ऑलराउंडर की तलाश में रहती है। ऐसे में ट्रेड के जरिए टीमें बिना नीलामी का इंतजार किए अपनी रणनीति के मुताबिक खिलाड़ी हासिल कर सकती हैं।
हालांकि हर ट्रेड सफल हो, यह जरूरी नहीं है। किसी खिलाड़ी का प्रदर्शन नई टीम में उसके रोल, फिटनेस और टीम संयोजन पर निर्भर करता है। यही वजह है कि IPL में ट्रेड विंडो खुलते ही फैंस की नजरें बड़े खिलाड़ियों के संभावित टीम बदलाव पर टिक जाती हैं।