'आखिरी दम तक...', मोहित उल्वा ने खोला आखिरी गेंद पर चौके का राज, बताया कैसे छीन ली पाकिस्तान के मुंह से जीत?

भारत-पाकिस्तान U19 फाइनल के हीरो मोहित उल्वा ने बताया कि आखिरी गेंद पर चौका लगाते समय उनके मन में क्या चल रहा था। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी पोजिशन को लेकर भी बड़ी बात कही।

Update:2026-11-14 22:29 IST

Image Source – Social Media

IND vs PAK Final : भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराकर अंडर-19 एशिया कप का टाइटल अपने नाम कर लिया है। एक समय ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम यह मैच बड़े अंतर से हार जाएगी। लेकिन निचले क्रम में मनल चौहान और मोहित उल्वा ने जबरदस्त बल्लेबाजी करके भारत को चैंपियन बना दिया। भारत के लिए आखिरी गेंद पर विजयी चौका मोहित उल्वा ने लगाया। मैच के बाद मोहित ने बताया कि उस वक्त उनके दिमाग में क्या चल रहा था और मनल ने किस तरह उनका हौसला बढ़ाया।

आखिरी गेंद पर क्या सोच रहे थे मोहित उल्वा?

मोहित उल्वा के मुताबिक जब वो आखिरी गेंद का सामना कर रहे थे, तो उस वक्त उनके दिमाग में ज्यादा कुछ नहीं चल रहा था। वह बस गेंदबाज की गेंद का इंतजार कर रहे थे और उन्हें खुद पर और भगवान पर पूरा भरोसा था। मोहित ने कहा कि उन्हें विश्वास था कि आज उनका दिन है और वह टीम को जीत दिला सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि एशिया कप में इससे पहले उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, लेकिन उन्होंने खुद पर भरोसा बनाए रखा।

'मोहित ने किसे दिया जीत का श्रेय?

मोहित ने अपनी सफलता का श्रेय वेंकट को भी दिया। उन्होंने कहा कि मैं खुद से यही कहता रहता हूं कि मैं यह कर सकता हूं, मैं यह करूंगा और आखिरी दम तक इसे पूरा करके रहूंगा। आखिर के ओवरों में वेंकट ने उन्हें काफी ज्यादा कॉन्फिडेंस दिया। वह लगातार मुझसे कहते रहे कि तुम कर सकते और तुम फिनिश करोगे। मनल ने भी कहा कि हम दोनों मैच जिता सकते हैं। इससे मेरा आत्मविश्वास काफी बढ़ गया। मुझे लगने लगा कि अगर मैं आखिरी गेंद तक टिका रहा तो फिर मैच को फिनिश कर दूंगा। मनल के आउट होने के बाद मोहित ने चिगुरुपति वेंकट के साथ आखिरी विकेट के लिए नाबाद 30 रन जोड़कर भारत को जीत तक पहुंचाया।

नंबर-10 पर बल्लेबाजी करना मोहित के लिए क्यों है खास?

मोहित उल्वा ने अपनी बल्लेबाजी पोजिशन को लेकर भी दिलचस्प बात बताई। उन्होंने कहा कि नंबर-10 उनके लिए हमेशा से लकी रहा है। उनके मुताबिक, इस पोजिशन पर बल्लेबाजी करते हुए ही उन्होंने अपने अधिकतर रन बनाए हैं और वह इस भूमिका में खुश हैं। पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में भी वह इसी नंबर पर उतरे और 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाकर मैच के सबसे बड़े नायक बन गए। उनकी पारी में पांच चौके और तीन छक्के शामिल थे।

252 रन पर 8 विकेट गंवाकर मुश्किल में था भारत

फाइनल में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 337 रन बनाए थे। भारत को खिताब जीतने के लिए 338 रन का लक्ष्य मिला था। लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 80 और आर्यवीर सहवाग ने 58 रन बनाए। लेकिन मध्यक्रम में लगातार विकेट गिरने से भारत की स्थिति खराब हो गई थी। एक समय टीम का स्कोर 252 रन पर आठ विकेट था और पाकिस्तान की जीत लगभग तय नजर आ रही थी। इसके बाद मनल चौहान और मोहित उल्वा ने 57 रन की साझेदारी करके मैच का रुख बदल दिया। इस जबरदस्त जीत के बाद मनल चौहान और मोहित उल्वा की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है।

Tags:    

Similar News