अब तक बैन क्यों?' ICC के इस नियम पर भड़के शुभमन गिल, उठाए बड़े सवाल
IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट मैच ड्रॉ होने के बाद शुभमन गिल ने गेंद पर लार लगाने के प्रतिबंध को हटाने की मांग की। जानिए उन्होंने अपने बयान में क्या कहा?
Shubman Gill on ICC Rule
'समझ नहीं आता अब तक प्रतिबंध क्यों है'
वेलिंगटन टेस्ट के ड्रॉ होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुभमन गिल ने इस मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी का दौर काफी पीछे छूट चुका है। इसके बावजूद खिलाड़ियों को गेंद चमकाने के लिए लार इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं है। गिल ने कहा, 'हम कोविड के दौर से काफी आगे निकल चुके हैं। गेंद पर लार लगाने की अनुमति नहीं देने वाला नियम बनाया गया था। इसे लागू हुए 7-8 साल हो चुके हैं। मुझे अब भी समझ नहीं आता कि इसकी इजाजत क्यों नहीं दी जा रही है।'
भारतीय कप्तान का मानना है कि गेंद की चमक बनाए रखने के लिए लार का इस्तेमाल करने की अनुमति मिलनी चाहिए। इससे गेंदबाजों को खासकर उन पिचों पर मदद मिलेगी, जहां से उन्हें ज्यादा उछाल या मूवमेंट नहीं मिल रहा है।
25-30 ओवर में ही नरम पड़ रही कूकाबुरा गेंद
गिल ने सिर्फ लार पर लगे प्रतिबंध की बात नहीं की, बल्कि कूकाबुरा गेंद की गुणवत्ता पर भी चिंता जताई। उनके मुताबिक, वेलिंगटन टेस्ट में इस्तेमाल की गई गेंद शुरुआती 25-30 ओवर के बाद ही काफी नरम हो गई थी। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड दौरे के दौरान भी भारतीय टीम को इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा था। जब गेंद इतनी जल्दी नरम पड़ जाती है और उसे चमकाने के लिए लार का इस्तेमाल भी नहीं कर सकते, तो गेंदबाजों के सामने चुनौती और बढ़ जाती है।
कैच आउट और LBW के मौके भी हो जाते हैं कम
शुभमन गिल ने बताया कि गेंद के नरम होने का सीधा असर गेंदबाजों की विकेट लेने की संभावनाओं पर पड़ता है। जब गेंद में पर्याप्त जान नहीं रहती तो बल्लेबाज के बल्ले का किनारा लगने के बाद भी गेंद स्लिप या विकेटकीपर तक नहीं पहुंच पाती।
उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में कैच आउट के मौके कम हो जाते हैं। अगर पिच से भी गेंदबाजों को खास मदद नहीं मिल रही हो तो LBW के मौके निकालना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में गेंदबाजों के लिए विकेट हासिल करना काफी चुनौतीपूर्ण बन जाता है। गिल के मुताबिक, गेंद की स्थिति को बेहतर बनाए रखना जरूरी है और लार के इस्तेमाल पर लगी रोक इस काम को और कठिन बना रही है।
कोरोना के दौरान ICC ने लगाया था प्रतिबंध
दरअसल, कोरोना महामारी के दौरान मई 2020 में ICC ने संक्रमण के खतरे को देखते हुए गेंद पर लार लगाने पर रोक लगाने का फैसला किया था। उस समय खिलाड़ियों को गेंद चमकाने के लिए पसीने का इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई थी। शुरुआत में यह प्रतिबंध अस्थायी तौर पर लागू किया गया था। हालांकि, सितंबर 2022 में ICC ने इसे स्थायी रूप देने का फैसला किया। इसके बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंद को चमकाने के लिए लार का इस्तेमाल प्रतिबंधित है।
720 रन बनाने के बाद भी जीत नहीं सका भारत
गिल की यह टिप्पणी न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के ड्रॉ होने के बाद आई है। वेलिंगटन में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहली पारी में 9 विकेट पर 720 रन बनाकर पारी घोषित की थी। इसके बावजूद न्यूजीलैंड ने आखिरी दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए मुकाबला ड्रॉ करा लिया। न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में 5 विकेट पर 239 रन बनाए। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने भारतीय गेंदबाजों को लंबे समय तक विकेट के लिए तरसाया। आखिरी दिन न्यूजीलैंड ने 75 ओवर बल्लेबाजी की और भारतीय टीम जीत हासिल नहीं कर सकी।
मैच के बाद गिल ने गेंदबाजों के लंबे स्पेल और पिच से पर्याप्त मदद नहीं मिलने पर भी निराशा जताई। अब देखना होगा कि भारतीय कप्तान की इस मांग पर ICC की ओर से कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं।