Ind vs Pak: फाइनल में तिलक ने कहा- देश के लिए कुछ भी कर जाऊँगा, मैदान में पाकिस्तान को दिया था करारा जवाब

Ind vs Pak: एशिया कप 2025 फाइनल में तिलक वर्मा ने 69 रन बनाकर भारत को दिलाई रोमांचक जीत।

Update:2025-10-01 15:42 IST

Ind vs Pak: एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 69 रन की मैच‑विजयी पारी खेलने वाले तिलक वर्मा को हैदराबाद में जोरदार स्वागत मिला। मैच के बाद मीडिया से बात करते हुए तिलक ने साझा किया कि जब टीम मुश्किल में थी और वह क्रीज पर थे, तब उनके मन में क्या चल रहा था और वे कैसे खुद पर काबू बनाए रहे। तिलक ने माना कि फाइनल आसान नहीं था। सामने वाली टीम भी अच्छी तैयारी लेकर आई थी और पिच भी बिल्कुल आसान नहीं थी। शुरुआती ओवरों में कुछ विकेट गिरने के बाद पाकिस्तान की टीम ने स्लेजिंग भी तेज कर दी थी, लेकिन हमारी जो खासियत है — साझेदारी करके आने वाली स्थिति को संभालना, उसने काम किया।

तिलक वर्मा ने फाइनल में शांत रहकर टीम को बचाया

जब पत्रकारों ने पूछा कि आखिरी ओवर तक टिके रहने का अनुभव कैसा था और प्रेशर कैसे सहा, तिलक ने कहा कि दबाव बहुत था, पर देश उनके लिए सबसे ऊपर था। उनका कहना था कि “जो भी करना पड़े, देश के लिए कर दूंगा”; इसलिए उन्होंने खुद को शांत रखा ताकि किसी भी भावनात्मक पल में गलत शॉट न मार कर टीम को नुकसान न हो। उनके कोचों ने बचपन से यही सिखाया था, शांत रहो, बेसिक्स फॉलो करो और बेवजह जवाब मत दो।

तिलक ने बताया कि जब शुरुआती तीन विकेट जल्दी गिर गए थे, तब विरोधी खिलाड़ियों की स्लेजिंग और तेज हो गई थी। उस वक्त अगर वे गुस्से में आकर कोई जोखिम भरा शॉट मार देते और आउट हो जाते, तो टीम को ही नुकसानी होती। इसलिए मैच के दौरान उन्होंने कम बोला और खेल पर ध्यान रखा। मैच खत्म होने के बाद उन्होंने जो कहना था, वह स्पष्ट रूप से कहा।

बल्ले से दिया जवाब, जीत की कुंजी

तिलक वर्मा ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों की स्लेजिंग पर कहा कि ऐसी बातें आम होती हैं, खासकर भारत-पाक मैच में। उनका मानना था कि इसका सबसे अच्छा जवाब बैट से ही दिया जा सकता है, और उन्होंने वही किया। एशिया कप 2025 फाइनल में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 146 रन बनाए। एक समय ऐसा लगा कि पाकिस्तान 180 तक आराम से पहुँच जाएगी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने अंतिम 8 विकेट केवल 32 रन में गिरा दिए। कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। अभिषेक शर्मा (5), शुभमन गिल (12) और सूर्यकुमार यादव (1) जल्दी आउट हो गए। तब तिलक वर्मा ने संजू सैमसन के साथ 57 रनों की साझेदारी और फिर शिवम दुबे के साथ 60 रनों की साझेदारी निभाई। अंतिम ओवर में 10 रन चाहिए थे, तिलक ने छक्का लगाकर भारत की जीत पक्की की और रिंकू सिंह ने आखिरी शॉट से जीत दर्ज कराई।

Tags:    

Similar News