Etah News: जनपद स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में ‘योगा ऑर्बिट’ का जलवा, 22 स्वर्ण पदक जीत रचा इतिहास
Etah News: एटा की जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में योगा ऑर्बिट फाउंडेशन ने 22 गोल्ड समेत 34 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
जनपद स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में ‘योगा ऑर्बिट’ का जलवा, 22 स्वर्ण पदक जीत रचा इतिहास (Photo- Newstrack)
Etah News: एटा उत्तर प्रदेश के एटा जनपद की तहसील जलेसर में योगा ऑर्बिट फाउंडेशन ने एटा में आयोजित 6वीं जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में फाउंडेशन के खिलाड़ियों ने 22 स्वर्ण, 9 रजत और 3 कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा।
46 वर्षीय आशा वार्ष्णेय ने जीता स्वर्ण, बनीं प्रेरणा
प्रतियोगिता में 46 वर्षीय आशा वार्ष्णेय ने स्वर्ण पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि उम्र कभी भी प्रतिभा और संकल्प के आड़े नहीं आती। सीनियर वर्ग में सुमित-अर्जुन और अंजली-रजनी की जोड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किए। वहीं सिंगल स्पर्धा में सुमित और सुधा ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। अंजली, रजनी, मुस्कान और तनीषा ने भी बेहतरीन प्रदर्शन कर पदक तालिका में स्थान बनाया।
जूनियर वर्ग में निधि और काकुल की जोड़ी ने दो स्वर्ण पदक जीतकर सभी को चौंका दिया। सतीश बघेल और रोहित की जोड़ी ने भी स्वर्ण पदक हासिल किया। सिंगल स्पर्धा में गुलशन और सतीश ने गोल्ड जीतकर टीम की सफलता में अहम योगदान दिया। कुलशूम और कशिश ने भी शानदार प्रदर्शन कर पदक जीते।
सब-जूनियर वर्ग में उमेश, सागर और दिव्यांशु की तिकड़ी ने स्वर्ण पदकों की हैट्रिक लगाई। ग्रुप इवेंट में विवेक, कुलदीप, रूपेश, यशपाल और करन ने सामूहिक तालमेल और कौशल का प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता।
सम्मान समारोह में खिलाड़ियों का हुआ अभिनंदन
मंगलवार को श्रीनिवास अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित सम्मान समारोह में स्वर्ण पदकों की हैट्रिक लगाने वाले कक्षा नौ के छात्र सागर को विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों द्वारा माल्यार्पण और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर योग शिक्षक अनिल कुशवाह ने विद्यार्थियों को योग के महत्व और जीवन में उसकी उपयोगिता के बारे में प्रेरित किया। समारोह में उपस्थित शिक्षाविदों और अतिथियों ने योगा ऑर्बिट फाउंडेशन के शानदार प्रदर्शन की जमकर सराहना की।