Etah News: एटा में सांसद देवेश शाक्य के खिलाफ पोस्टरबाजी, महिला आरक्षण मुद्दे पर पुतला फूंका

Etah News: एटा में महिला आरक्षण मुद्दे को लेकर सपा सांसद देवेश शाक्य के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुआ। महिलाओं ने पोस्टर लगाकर नारेबाजी की और सांसद का पुतला फूंका।

Update:2026-05-11 18:41 IST

Etah News(Photo-Social Media)

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा-कासगंज लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के सांसद देवेश शाक्य के खिलाफ महिला आरक्षण मुद्दे को लेकर जनाक्रोश खुलकर सामने आया। एटा जिले में जगह-जगह सांसद के “लापता” होने के पोस्टर लगाए गए, जिनमें उनका घर बताने वाले को “10 रुपये इनाम” देने की बात लिखी गई थी। पोस्टर सामने आने के बाद पूरे इलाके में दिनभर राजनीतिक चर्चाओं का माहौल बना रहा।

गांव बमनई में महिलाओं का धरना-प्रदर्शन

महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव बमनई में बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित हुईं और सांसद के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप था कि संसद में महिला आरक्षण बिल का विरोध किए जाने से महिलाओं में भारी नाराजगी है। धरने के दौरान महिलाओं ने “महिला विरोधी सांसद वापस जाओ” और “महिला आरक्षण लागू करो” जैसे नारे लगाए। इस दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के खिलाफ भी नाराजगी जताई गई।

सांसद का पुतला फूंककर जताया विरोध

आक्रोशित महिलाओं ने सांसद देवेश शाक्य का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया। महिला मोर्चा की डॉली सक्सेना और सीमा सिंह ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। प्रदर्शन में कुछ भाजपा नेता भी मौके पर पहुंचे और महिलाओं के समर्थन में मौजूद रहे। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि राजनीतिक दल चुनाव के समय महिलाओं को भागीदारी देने की बात करते हैं, लेकिन जब संसद में महिला आरक्षण लागू करने का मौका आया तो उसका विरोध किया गया। महिलाओं ने इसे महिला सम्मान और अधिकारों के खिलाफ बताया।

“10 रुपये इनाम” वाले पोस्टर बने चर्चा का विषय

गांव और आसपास के इलाकों में लगाए गए पोस्टरों में सांसद को “लापता” बताते हुए उनका घर बताने वाले को “10 रुपये इनाम” देने की बात लिखी गई थी। यह पोस्टर पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बने रहे। राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ पोस्टरों को पढ़ने के लिए जुटती रही। सोशल मीडिया पर भी पोस्टरों की तस्वीरें तेजी से वायरल होती रहीं, जिससे मामला और अधिक सुर्खियों में आ गया।

पुलिस रही सतर्क, माहौल रहा तनावपूर्ण

प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी गई। हालांकि प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण जरूर रहा, लेकिन किसी तरह की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। फिलहाल यह मामला एटा की राजनीति में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है और आने वाले दिनों में इस पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Tags:    

Similar News