BYD Flex Fuel Hybrid Car: पेट्रोल, एथेनॉल और EV वाली BYD कार
BYD Flex Fuel Hybrid Car: BYD ने ब्राजील में पेट्रोल, एथेनॉल और EV पर चलने वाली Song Pro SUV पेश की है। जानें 120 KM इलेक्ट्रिक रेंज और भारत लॉन्च की संभावना।
BYD Flex-Fuel Hybrid Car: Runs on Petrol, Ethanol and EV
BYD Flex-Fuel Hybrid Car: रोज ऑफिस जाने के लिए कार को चार्ज करके पूरी तरह इलेक्ट्रिक मोड में चलाएं और लंबी दूरी के सफर पर बैटरी खत्म होने की चिंता हो तो पेट्रोल या एथेनॉल भरवाकर आगे निकल जाएं। अब यह ऑटोमोबाइल की दुनिया में सिर्फ कल्पना नहीं रह गई है। चीन की वाहन निर्माता कंपनी BYD ने ब्राजील में ऐसी प्लग-इन हाइब्रिड SUV पेश की है, जो बिजली, पेट्रोल और एथेनॉल तीनों पर चल सकती है। खास बात यह है कि कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने संकेत दिया है कि एथेनॉल का इस्तेमाल बढ़ने वाले भारत जैसे बाजारों में भी इस तकनीक को भविष्य में लाया जा सकता है।
BYD ने पेश की Song Pro Super-Hibrido Flex Fuel
BYD की इस नई कार का नाम Song Pro Super-Hibrido Flex Fuel है। यह ब्राजील के बहिया स्थित कंपनी के Camaçari प्लांट में तैयार होने वाली पहली स्थानीय रूप से निर्मित फ्लेक्स-फ्यूल प्लग-इन हाइब्रिड SUV है। इस प्रोजेक्ट को तैयार करने में BYD की ब्राजील और चीन की रिसर्च एंड डेवलपमेंट टीमों ने मिलकर काम किया है। कंपनी ने इस तकनीक को खास तौर पर ब्राजील के बाजार की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया है।
इस SUV की सबसे बड़ी खासियत इसका पावरट्रेन है। इसमें पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर और बड़ी बैटरी का इस्तेमाल किया गया है। इंजन पेट्रोल, एथेनॉल या दोनों के मिश्रण पर चल सकता है, जबकि जरूरत पड़ने पर कार को प्लग-इन करके केवल बैटरी से भी चलाया जा सकता है।
इलेक्ट्रिक मोड में 120 KM तक की रेंज
BYD Song Pro Flex Fuel को दो वेरिएंट में पेश किया गया है। इसके GL वेरिएंट को इलेक्ट्रिक मोड में करीब 60 किलोमीटर तक चलाया जा सकता है, जबकि ज्यादा बैटरी क्षमता वाले GS वेरिएंट की प्योर इलेक्ट्रिक रेंज 120 किलोमीटर तक बताई गई है। यानी शहर में रोजाना के छोटे सफर के लिए कार को इलेक्ट्रिक मोड में इस्तेमाल किया जा सकता है। घर पहुंचने के बाद इसे चार्ज किया जा सकता है और अगले दिन फिर बिना पेट्रोल या एथेनॉल खर्च किए ड्राइविंग की जा सकती है। वहीं हाईवे या लंबी दूरी के सफर में बैटरी खत्म होने पर पेट्रोल या एथेनॉल का विकल्प मौजूद रहेगा।
पेट्रोल और एथेनॉल दोनों पर कैसे चलेगी?
इस कार में इस्तेमाल की गई फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक इसे सामान्य हाइब्रिड कारों से अलग बनाती है। फ्लेक्स-फ्यूल सिस्टम का मतलब है कि इंजन एक तय अनुपात वाले पेट्रोल तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पेट्रोल, एथेनॉल या इनके अलग-अलग मिश्रण के साथ काम करने के लिए तैयार किया जाता है।
ब्राजील जैसे बाजार में यह तकनीक खास मायने रखती है, क्योंकि वहां एथेनॉल का इस्तेमाल काफी व्यापक है। BYD ने इसी वजह से अपनी नई SUV को वहां के फ्यूल इकोसिस्टम के हिसाब से विकसित किया है।
भारत के लिए क्यों खास है यह टेक्नोलॉजी?
भारत में भी इस कार की चर्चा इसलिए तेज हुई है क्योंकि देश में एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का इस्तेमाल लगातार बढ़ा है। सरकार के मुताबिक Ethanol Supply Year 2025-26 में औसत एथेनॉल ब्लेंडिंग 20 फीसदी तक पहुंच चुकी है। भारत ने 20 फीसदी ब्लेंडिंग का लक्ष्य मूल समयसीमा से पांच साल पहले हासिल किया है। साथ ही भारत में देशभर के सामान्य पेट्रोल के लिए 20 फीसदी से ज्यादा एथेनॉल ब्लेंडिंग बढ़ाने का कोई फैसला नहीं हुआ है। सरकार ने जुलाई 2026 में साफ किया था कि E85 जैसे ज्यादा एथेनॉल वाले ईंधन का इस्तेमाल केवल उन वाहनों में किया जाएगा जिन्हें इसके लिए डिजाइन और प्रमाणित किया गया है।
ऐसे में BYD जैसी फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक भविष्य में भारत के लिए दिलचस्प हो सकती है। एक तरफ ग्राहक को इलेक्ट्रिक ड्राइविंग का विकल्प मिलेगा और दूसरी तरफ चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध नहीं होने पर लिक्विड फ्यूल के सहारे लंबी दूरी तय की जा सकेगी।
भारत में कब लॉन्च होगी BYD की यह कार?
फिलहाल BYD ने भारत में Song Pro Super-Hibrido Flex Fuel की लॉन्च डेट या कीमत की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। इसलिए इसे जल्द भारत में लॉन्च होने वाली कार कहना अभी सही नहीं होगी। BYD के ब्राजील प्रमुख और सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एलेक्जेंडर बाल्डी ने संकेत दिया है कि यह तकनीक भविष्य में भारत समेत उन बाजारों के लिए उपयोगी हो सकती है जहां एथेनॉल की स्वीकार्यता बढ़ रही है। कंपनी की तरफ से अभी कोई निश्चित लॉन्च टाइमलाइन सामने नहीं आई है।
BYD के लिए भी बड़ा कदम है यह कार
इस कार की लॉन्चिंग केवल एक नई SUV पेश करने तक सीमित नहीं है। BYD ब्राजील में अपनी स्थानीय मैन्युफैक्चरिंग को तेजी से बढ़ा रही है। कंपनी ने Camaçari प्लांट में बड़े निवेश की योजना बनाई है और स्थानीय स्तर पर उत्पादन तथा कंपोनेंट सोर्सिंग बढ़ाने पर काम कर रही है। Reuters के मुताबिक BYD ने इस प्लांट के विस्तार के लिए 5.5 अरब ब्राजीलियन रियाल के निवेश की योजना बताई है।
यही वजह है कि Song Pro Flex Fuel को कंपनी के लिए रणनीतिक मॉडल भी माना जा रहा है। अगर यह तकनीक ब्राजील है में सफल रहती है और दूसरे एथेनॉल-फ्रेंडली बाजारों में इसकी मांग बनती है, तो भारत जैसे बड़े ऑटो बाजार में भी इसका विकल्प खुल सकता है।