Bihar Monsoon Tourist Places 2026: बारिश में जन्नत बन जाता है बिहार, मानसून में जरूर घूम आएं ये 5 खूबसूरत जगहें

Bihar Monsoon Tourist Places 2026: मानसून 2026 में बिहार घूमने का प्लान है? करमचट डैम, करकटगढ़ वॉटरफॉल, कैमूर हिल्स, राजगीर और गुरपा हिल जैसी 5 खूबसूरत जगहों की पूरी जानकारी।

Update:2026-07-14 16:13 IST

Bihar Monsoon Tourist Places 2026:

Bihar Monsoon Tourist Places 2026: बिहार का इतिहास ज्ञान, संस्कृति और राजनीति का एक ऐसा गौरवशाली संगम है। जहां प्राचीन काल में दुनिया का पहला गणतंत्र (वैशाली) और शक्तिशाली मगध साम्राज्य बना। बौद्ध और जैन धर्म का उदय भी इसी भूमि पर हुआ। मौर्य और गुप्त काल में कला, विज्ञान और व्यापार अपने चरम पर थे। यही वजह है कि, बिहार का नाम आते ही अक्सर लोगों के मन में इतिहास, आध्यात्मिक पर्यटन और प्राचीन धरोहरों की एक तस्वीर उभरती है, लेकिन मानसून का मौसम इस राज्य का एक बिल्कुल अलग और बेहद खूबसूरत रूप सामने लाता है। बारिश की फुहारों के साथ यहां की पहाड़ियां हरियाली की चादर ओढ़ लेती हैं, झरने पूरे वेग से बहने लगते हैं और जंगलों की प्राकृतिक सुंदरता कई गुना बढ़ जाती है। अगर आप भी इस मानसून किसी ऐसी जगह घूमने की योजना बना रहे हैं, जहां भीड़ कम हो, प्रकृति भरपूर मिले और खर्च भी ज्यादा न हो, तो बिहार की ये खूबसूरत डेस्टिनेशन आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती हैं।

मानसून में क्यों खास हो जाता है बिहार?

बारिश का मौसम बिहार के प्राकृतिक पर्यटन को नई पहचान देता है। कैमूर की पहाड़ियां हों या रोहतास के डैम, गया की पहाड़ियां हों या राजगीर की वादियां, हर जगह हरियाली और ठंडी हवाएं पर्यटकों को सुकून का अहसास कराती हैं। यही वजह है कि पिछले कुछ वर्षों में मानसून के दौरान बिहार में नेचर टूरिज्म और वीकेंड ट्रैवल का चलन तेजी से बढ़ा है।

करमचट डैम

रोहतास जिले के चेनारी के पास स्थित करमचट डैम मानसून में बेहद आकर्षक नजर आता है। सासाराम से करीब 35 किलोमीटर दूर बना यह डैम बारिश के दिनों में पानी से लबालब भर जाता है। सुबह का सूर्योदय और शाम का सूर्यास्त यहां के नजारों को और भी खूबसूरत बना देता है।

चारों ओर फैली हरियाली, पहाड़ियों से आती ठंडी हवा और शांत वातावरण इसे फैमिली पिकनिक, दोस्तों के साथ वीकेंड ट्रिप और फोटोग्राफी के लिए शानदार जगह बनाते हैं।

करकटगढ़ वॉटरफॉल

कैमूर वाइल्डलाइफ सेंचुरी के भीतर स्थित करकटगढ़ वॉटरफॉल बिहार के सबसे खूबसूरत झरनों में गिना जाता है। करीब 100 फीट ऊंचा और लगभग 300 फीट चौड़ा यह झरना बारिश के मौसम में अपने पूरे शबाब पर होता है।

घने जंगल, पहाड़ों से गिरता पानी और चारों तरफ गूंजती झरने की आवाज यहां आने वाले पर्यटकों को रोमांच और सुकून दोनों का अनुभव कराती है। हालांकि बारिश के दौरान चट्टानें फिसलन भरी हो सकती हैं, इसलिए यहां जाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है।

कैमूर की पहाड़ियां

अगर आप सिर्फ प्राकृतिक सुंदरता ही नहीं बल्कि इतिहास और पुरातत्व में भी रुचि रखते हैं, तो कैमूर की पहाड़ियां आपके लिए बेहतरीन जगह हैं।

मानसून में यहां की घाटियां, जंगल और प्राकृतिक गुफाएं बेहद आकर्षक दिखाई देती हैं। इस क्षेत्र में प्राचीन शैलचित्र और ऐतिहासिक अवशेष भी मौजूद हैं।जो इसे सामान्य हिल स्टेशन से अलग पहचान देते हैं। ट्रेकिंग और नेचर वॉक पसंद करने वालों के लिए भी यह इलाका काफी लोकप्रिय है।

विश्व शांति स्तूप, राजगीर

राजगीर हमेशा से बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल रहा है, जबकि मानसून में इसकी खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है। रत्नागिरी पहाड़ी पर लगभग 400 मीटर की ऊंचाई पर बना विश्व शांति स्तूप सफेद संगमरमर से निर्मित है। बारिश के मौसम में जब बादल पहाड़ियों को ढंक लेते हैं, तब यहां का दृश्य बेहद मनमोहक दिखाई देता है। रोपवे से ऊपर पहुंचने के दौरान पूरे राजगीर की हरियाली और पहाड़ों का विहंगम दृश्य देखने को मिलता है। यह पर्यटकों के लिए एक यादगार अनुभव बन जाता है।

गुरपा हिल

गया जिले में बिहार-झारखंड सीमा के पास स्थित गुरपा हिल प्राकृतिक सुंदरता के साथ धार्मिक महत्व भी रखती है।

मान्यता है कि यह स्थान बौद्ध धर्म और स्थानीय धार्मिक परंपराओं से जुड़ा हुआ है। मानसून के दौरान यहां के जंगल, पहाड़ और छोटे-छोटे झरने पूरे इलाके को बेहद आकर्षक बना देते हैं। पहाड़ी की चोटी तक पहुंचने वाले ट्रेकिंग रूट भी प्रकृति प्रेमियों को खूब पसंद आते हैं।

बिहार में मानसून पर्यटन क्यों तेजी से हो रहा है लोकप्रिय?

अब बिहार केवल धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन तक सीमित नहीं है। राज्य में इको-टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म और नेचर ट्रैवल को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। कम बजट में शानदार प्राकृतिक अनुभव मिलने के कारण बड़ी संख्या में युवा, परिवार और ट्रैवल ब्लॉगर मानसून के दौरान इन जगहों का रुख कर रहे हैं।

खास बात यह है कि इन स्थानों पर उत्तराखंड, हिमाचल या पूर्वोत्तर राज्यों जैसी भारी भीड़ देखने को नहीं मिलती, जिससे पर्यटक प्रकृति का शांत वातावरण खुलकर महसूस कर सकते हैं।

मानसून ट्रिप पर जाते समय रखें ये जरूरी बातें

बारिश के मौसम में यात्रा पर निकलते समय रेनकोट या छाता, मजबूत ग्रिप वाले जूते और जरूरी दवाइयां साथ रखें। झरनों और पहाड़ियों के किनारे सेल्फी लेने या जोखिम भरे स्थानों पर जाने से बचें। मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही यात्रा की योजना बनाएं और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

बिहार का मानसून पर्यटन बदल रहा है पहचान

अगर आप इस मानसून भीड़भाड़ से दूर किसी शांत, प्राकृतिक और बजट फ्रेंडली डेस्टिनेशन की तलाश में हैं, तो बिहार आपके लिए शानदार विकल्प हो सकता है। करमचट डैम की हरियाली, करकटगढ़ वॉटरफॉल का रोमांच, कैमूर की ऐतिहासिक पहाड़ियां, राजगीर का विश्व शांति स्तूप और गुरपा हिल की प्राकृतिक सुंदरता मिलकर ऐसा अनुभव देती हैं। जिसे लंबे समय तक भुलाया नहीं जा सकता। यही वजह है कि मानसून के मौसम में बिहार अब सिर्फ इतिहास का नहीं, बल्कि प्रकृति प्रेमियों का भी पसंदीदा पर्यटन केंद्र बनता जा रहा है।

Tags:    

Similar News