Low Budget Travel India: ₹10,000 में घूमें भारत के ये शानदार टूरिस्ट प्लेस, कम खर्च में हाई फन

Best Tourist Places India Under 10000: ₹10,000 के बजट में कहां घूम सकते हैं? जानिए भारत के बेस्ट बजट टूरिस्ट प्लेस, जहां कम खर्च में मिलेगा शानदार अनुभव।

Update:2026-04-19 13:19 IST

Best Travel Places India in Low Budget 2026 

Best Travel Places India in Low Budget 2026: इस बार गर्मी के मौसम में कहीं ट्रिप का प्लान बना रहे हैं। साथ ही बढ़ती महंगाई और टाइट होते घरेलू बजट के साथ अगर आपको बताते लगता है कि घूमना-फिरना एक महंगा शौक है और 10,000 रुपए में ट्रिप प्लान करना मुश्किल है, तो अब यह सोच बदलने की जरूरत है। भारत में ऐसी कई खूबसूरत जगहें हैं जहां कम बजट में भी शानदार अनुभव लिया जा सकता है। सही प्लानिंग, समझदारी से खर्च और थोड़ी सी रिसर्च के साथ आप कम पैसों में भी यादगार यात्रा कर सकते हैं। पहाड़, समुद्र, रेगिस्तान या शांत गांव हर तरह के ट्रैवलर के लिए इस बजट में शानदार विकल्प मौजूद हैं। आइए जानते हैं बजट फ्रेंडली टूरिस्ट प्लेस के बारे में विस्तार से -

हेमिस


हेमिस, लेह के पास स्थित एक शांत और आध्यात्मिक जगह है, जहां पहुंचते ही आपको शहर की भागदौड़ से अलग एक सुकून महसूस होता है। यहां का जीवन बेहद सादा है और यही इसकी सबसे बड़ी खूबी है। हेमिस अपने प्रसिद्ध हेमिस मठ के लिए जाना जाता है, जहां हर साल होने वाला हेमिस फेस्टिवल पर्यटकों को आकर्षित करता है।

यहां पहुंचने के लिए मनाली से लेह तक ट्रक या शेयर टैक्सी का विकल्प चुनकर आप अपने खर्च को काफी हद तक कम कर सकते हैं। रहने के लिए छोटे गेस्टहाउस और खाने के लिए लोकल ढाबे सस्ते और बेहतर विकल्प हैं। कम खर्च में शांत माहौल और बौद्ध संस्कृति को करीब से समझने के लिए यह जगह बेहतरीन है।

कुल्लू


कुल्लू एक ऐसा हिल स्टेशन है जहां आप कम खर्च में भी शानदार ट्रिप प्लान कर सकते हैं। यहां का मौसम सुहावना और वातावरण काफी सुकून देने वाला होता है। कुल्लू के आसपास स्थित कसोल और रशोल जैसे स्थान इसे और खास बना देते हैं। यहां आप ब्यास नदी के किनारे समय बिता सकते हैं, ट्रेकिंग का आनंद ले सकते हैं और स्थानीय बाजारों में घूम सकते हैं। अगर आप बस और ट्रेन से यात्रा करते हैं और सस्ते गेस्टहाउस में रुकते हैं, तो करीब 5,000 रुपए में 4 दिन का ट्रिप आसानी से पूरा किया जा सकता है।

जैसलमेर


जैसलमेर अपनी अनोखी संस्कृति, ऐतिहासिक किलों और सुनहरे रेगिस्तान के लिए जाना जाता है। यहां का जैसलमेर किला दुनिया के उन किलों में शामिल है जहां आज भी लोग रहते हैं, जिससे यह जगह और भी खास बन जाती है। जैसलमेर की यात्रा को बजट में रखने के लिए ट्रेन सबसे अच्छा विकल्प है। यहां पहुंचकर आप ऊंट सफारी, सैम सैंड ड्यून्स में सूर्यास्त और लोक संगीत का आनंद ले सकते हैं। अगर आप सोच-समझकर खर्च करें, तो लगभग 5,000 से 6,000 रुपए में 3 दिन की यात्रा आराम से की जा सकती है। गर्मी के मौसम में सुबह और शाम के समय घूमने का समय ज्यादा उपयुक्त रहता है।

वर्कला


वर्कला एक खूबसूरत तटीय शहर है, जो अपने शांत और साफ-सुथरे समुद्र तटों के लिए जाना जाता है। यहां का वर्कला बीच चट्टानों के किनारे स्थित है, जो इसे अन्य बीच से अलग बनाता है। तिरुवनंतपुरम से यहां तक पहुंचना बेहद आसान और सस्ता है। ट्रेन का किराया बहुत कम होता है और होमस्टे में रहने से खर्च और भी कम हो जाता है। यहां आप समुद्र किनारे बैठकर सुकून का अनुभव ले सकते हैं और बिना ज्यादा खर्च किए अपनी यात्रा को यादगार बना सकते हैं।

कौसानी


कौसानी एक छोटा लेकिन बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन है, जिसे भारत का स्विट्जरलैंड भी कहा जाता है। यहां से हिमालय की बर्फीली चोटियों का नजारा किसी पोस्टकार्ड जैसा लगता है।

यह जगह खासतौर पर उन लोगों के लिए है जो भीड़ से दूर शांति में समय बिताना चाहते हैं। यहां स्थित अनाशक्ति आश्रम का ऐतिहासिक महत्व भी है, जहां महात्मा गांधी कुछ समय तक रहे थे। यहां का दैनिक खर्च लगभग 1,000 से 1,500 रुपए के बीच रहता है, इसलिए यह बजट ट्रैवलर्स के लिए एक शानदार विकल्प है।

तवांग


तवांग उन लोगों के लिए परफेक्ट है जो भीड़भाड़ से दूर एक शांत और प्राकृतिक जगह की तलाश में हैं। यहां के पहाड़, झीलें और मठ एक अलग ही अनुभव देते हैं। यहां का तवांग मठ भारत का सबसे बड़ा बौद्ध मठ है, जो आध्यात्मिकता और शांति का केंद्र माना जाता है। तेजपुर से बस द्वारा यहां पहुंचना आसान है और खर्च भी बहुत ज्यादा नहीं आता। रहने और खाने का खर्च भी सीमित रहता है, जिससे यह जगह बजट में घूमने के लिए एक बेहतरीन विकल्प बन जाती है।

बजट ट्रैवल बजट, कम पैसों में ज्यादा अनुभव

कम बजट में यात्रा करने का मतलब यह नहीं है कि आप अपने अनुभव से समझौता करें। बल्कि यह आपको नए तरीके से दुनिया देखने का मौका देता है। जब आप लोकल ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करते हैं, छोटे होमस्टे में रहते हैं और स्थानीय लोगों से बातचीत करते हैं, तो आपको उस जगह की असली संस्कृति समझ में आती है।

सही योजना बनाकर, ऑफ-सीजन में यात्रा करके और गैर-जरूरी खर्च से बचकर आप आसानी से 10,000 रुपए में एक शानदार ट्रिप प्लान कर सकते हैं।

Tags:    

Similar News