Mexico Doll Island Ka Rahasya: आंखें गायब, हाथ-पैर टूटे... फिर भी पेड़ों से लटकी हैं हजारों गुड़िया, आखिर क्यों..

Mexico Doll Island Ka Rahasya: मेक्सिको के इस रहस्यमयी द्वीप पर पेड़ों से हजारों टूटी-फूटी गुड़िया लटकी हैं। जानिए इसके पीछे की डरावनी कहानी।

Update:2026-06-08 14:41 IST

Haunted Island of Dolls Mexico

Mexico Doll Island Ka Rahasya: ये पूरी धरती अजब गजब रहस्यों और उनसे जुड़े किस्सों से भरी पड़ी है। जो सदियों से लोगों को अचंभित करते चले आ रहे हैं। यहां तक कि अक्सर विज्ञान भी उनकी काट निकाल पाने में असफल रहा है। इसी तरह एक ऐसी जगह है जो अपनी खूबसूरती नहीं बल्कि रहस्य और डरावनी कहानियों की वजह से मशहूर हैं। मैक्सिको सिटी के पास स्थित आइलैंड ऑफ द डॉल्स (Island of the Dolls) ऐसी ही एक जगह है। यहां पेड़ों, झोपड़ियों और नहर किनारे हजारों पुरानी, टूटी-फूटी और डरावनी गुड़िया लटकी हुई दिखाई देती हैं। पहली नजर में यह किसी हॉरर फिल्म का सेट लगता है, लेकिन इसके पीछे एक ऐसी कहानी जुड़ी है जो करीब 70 साल से लोगों को हैरान करती आ रही है।

कहां स्थित है आइलैंड ऑफ द डॉल्स?

आइलैंड ऑफ द डॉल्स, मैक्सिको की राजधानी मेक्सिको सिटी के दक्षिण में स्थित प्रसिद्ध नहर क्षेत्र सोचिमिल्को (Xochimilco) में मौजूद है। इसका स्पेनिश नाम La Isla de las Muñecas है, जिसका अर्थ है गुड़ियाओं का द्वीप।

इस द्वीप तक सड़क मार्ग से नहीं पहुंचा जा सकता। यहां जाने के लिए पर्यटकों को रंग-बिरंगी पारंपरिक नावों, जिन्हें त्राजिनेरा (Trajinera) कहा जाता है, का सहारा लेना पड़ता है। सोचिमिल्को से नाव यात्रा करते हुए द्वीप तक पहुंचने में लगभग डेढ़ से ढाई घंटे का समय लगता है।

यह सोचिमिल्को का प्रसिद्ध इलाका और नहरों का नेटवर्क है, जिसे मैक्सिको का वेनिस भी कहा जाता है।

1950 की एक घटना के बाद शुरू हुआ डरावनी गुड़िया टांगने का सिलसिला

इस जगह से जुड़ी सबसे चर्चित कहानी एक व्यक्तिडॉन जूलियन सैंटाना बैरेरा (Don Julian Santana Barrera) से जुड़ी है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, उन्हें नहर में एक छोटी बच्ची का शव और उसके पास एक गुड़िया मिली थी। कहा जाता है कि इस घटना के बाद उन्हें महसूस होने लगा कि बच्ची की आत्मा आसपास मौजूद है। आत्मा को शांत करने के उद्देश्य से उन्होंने उस गुड़िया को एक पेड़ पर टांग दिया। बाद में उन्होंने अलग-अलग जगहों से पुरानी गुड़ियाएं इकट्ठा करनी शुरू कर दीं और उन्हें पूरे द्वीप पर लटकाने लगे।

समय बीतने के साथ यह संख्या सैकड़ों से बढ़कर हजारों में पहुंच गई। आज भी वहां पेड़ों और संरचनाओं पर लटकी गुड़ियाएं दिखाई देती हैं, जिनमें कई की आंखें गायब हैं, हाथ-पैर टूट चुके हैं और उनका स्वरूप बेहद डरावना नजर आता है।

क्यों डरते हैं लोग यहां जाने से?

द्वीप पर पहुंचने वाले कई पर्यटक बताते हैं कि वहां का माहौल असामान्य और रहस्यमय महसूस होता है। हवा में झूलती पुरानी गुड़ियाएं, सुनसान वातावरण और नहरों से घिरा इलाका इसे और भी भयावह बना देता है। सोशल मीडिया पर इस जगह के वीडियो अक्सर वायरल होते रहते हैं। कुछ लोग दावा करते हैं कि रात के समय यहां अजीब आवाजें सुनाई देती हैं, जबकि कई लोग गुड़ियाओं की आंखों के हिलने जैसी बातें भी बताते हैं। हालांकि इन दावों की कोई तथ्यात्मक पुष्टि नहीं हुई है।

क्या सच में शापित है यह जगह?

आइलैंड ऑफ द डॉल्स को लेकर कई डरावनी कहानियां प्रचलित हैं, लेकिन इसके शापित होने का कोई वैज्ञानिक प्रमाण मौजूद नहीं है। इतिहासकारों और विशेषज्ञों के अनुसार, यह स्थान स्थानीय लोककथाओं और वर्षों से चली आ रही कहानियों के कारण रहस्यमय छवि बना चुका है। यही वजह है कि कुछ लोग इसे भूतिया जगह मानते हैं। जबकि अन्य इसे एक अनोखा सांस्कृतिक और पर्यटन स्थल मानते हैं। सच्चाई चाहे जो भी हो, लेकिन पेड़ों से लटकी हजारों पुरानी गुड़ियाओं का यह दृश्य किसी भी व्यक्ति को पहली नजर में चौंका जरूर देता है।

दुनिया भर के पर्यटकों को खींचता है यह रहस्यमयी द्वीप

आज आइलैंड ऑफ द डॉल्स मैक्सिको के सबसे चर्चित पर्यटन स्थलों में गिना जाता है। हर साल हजारों पर्यटक इस रहस्यमयी जगह को देखने पहुंचते हैं। कुछ लोग यहां भूतिया किस्सों से जुड़े रोमांच की तलाश में आते हैं, तो कुछ इसके पीछे छिपी कहानी को करीब से जानना चाहते हैं। इस द्वीप की यही खूबी के चलते ही यह जगह दुनिया की सबसे विचित्र और चर्चित जगहों में शामिल है।

Tags:    

Similar News