Nanital Haunted Places: खूबसूरत नैनीताल का डरावना सच! इन जगहों पर जाने से कांप उठते हैं लोग
Nanital Haunted Places 2026: लवर्स पॉइंट से रूपकुंड झील तक, जानिए नैनीताल की उन रहस्यमयी जगहों के बारे में जहां रात में जाने से लोग कतराते हैं
Nainital Haunted Places 2026
Most Haunted Places in Nainital 2026: उत्तराखंड का खूबसूरत हिल स्टेशन नैनीताल अपनी शांत झीलों, हरे-भरे पहाड़ों और ठंडी हवाओं के लिए दुनियाभर में मशहूर है। हर साल हजारों पर्यटक यहां सुकून भरी छुट्टियां बिताने आते हैं। लेकिन नैनीताल की वादियों में कुछ ऐसी जगहें भी मौजूद हैं, जिनके बारे में सुनकर लोगों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं। दिन के उजाले में सामान्य दिखने वाली ये जगहें रात के अंधेरे में डर और रहस्य का माहौल पैदा कर देती हैं। स्थानीय लोगों और पर्यटकों के बीच इन स्थानों को लेकर कई कहानियां और दावे प्रचलित हैं। हालांकि इन बातों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है, लेकिन फिर भी लोग यहां रात में जाने से बचते हैं। आइए जानते हैं नैनीताल की उन मशहूर डरावनी जगहों के बारे में, जिनका नाम सुनते ही लोग सिहर उठते हैं-
गुर्नी हाउस (Gurney House)
गुर्नी हाउस नैनीताल की सबसे रहस्यमयी जगहों में गिना जाता है। यह वही ऐतिहासिक घर है, जहां प्रसिद्ध शिकारी और लेखक जिम कार्बेट (JimCorbett) रहा करते थे। आज यह जगह इतिहास प्रेमियों और पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। हालांकि इस घर को लेकर कई डरावनी कहानियां भी सुनने को मिलती हैं। कुछ लोगों का दावा है कि यहां रात के समय अजीब गतिविधियां महसूस होती हैं। कई पर्यटकों ने यहां किसी के चलने जैसी आवाजें सुनने की बात कही है। वहीं कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि घर के अंदर रखी चीजें अपने आप हिलती दिखाई देती हैं। इतिहास और रहस्य का मेल इस जगह को और भी खास बना देता है। हालांकि इन घटनाओं के पीछे कोई वैज्ञानिक या आधिकारिक प्रमाण मौजूद नहीं है, लेकिन फिर भी यह स्थान नैनीताल की सबसे चर्चित हॉरर लोकेशंस में शामिल है।
रूपकुंड झील (Roopkund Lake)
रूपकुंड झील को भारत की सबसे रहस्यमयी जगहों में गिना जाता है। यह झील उत्तराखंड के चमोली जिले में ऊंचे हिमालयी क्षेत्र में स्थित है। रूपकुंड को स्केलेटन लेक यानी कंकालों वाली झील के नाम से भी जाना जाता है।
दरअसल, गर्मियों के मौसम में जब झील के आसपास की बर्फ पिघलती है, तब यहां इंसानी कंकाल दिखाई देते हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार ये कंकाल सैकड़ों साल पुराने हैं। माना जाता है कि किसी प्राकृतिक आपदा या भारी ओलावृष्टि के कारण यहां कई लोगों की मौत हुई थी। इस रहस्य ने वर्षों से लोगों को हैरान कर रखा है। झील के आसपास का सुनसान इलाका, बर्फीला वातावरण और कंकालों की मौजूदगी इस जगह को बेहद डरावना बना देती है। यही कारण है कि कई लोग यहां जाने से पहले भी सोचने लगते हैं।
लवर्स पॉइंट (Lovers Point)
लवर्स पॉइंट नैनीताल की सबसे चर्चित जगहों में से एक मानी जाती है। दिन के समय यहां बड़ी संख्या में कपल्स और पर्यटक घूमने आते हैं। पहाड़ों और घाटियों का खूबसूरत दृश्य इस जगह को बेहद खास बनाता है। माना जाता है कि पहले यहां प्रेमी जोड़े शांति से समय बिताने आया करते थे, इसलिए इसका नाम लवर्स पॉइंट पड़ा।
लेकिन रात होते ही इस जगह का माहौल पूरी तरह बदल जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां कई बार अजीब आवाजें सुनाई देती हैं। कुछ लोग दावा करते हैं कि वर्षों पहले यहां एक प्रेमी जोड़े ने आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद से यह जगह रहस्यमयी मानी जाने लगी। इसी वजह से कुछ लोग इसे सुसाइड पॉइंट के नाम से भी जानते हैं। हालांकि इन कहानियों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन फिर भी पर्यटक रात के समय यहां अकेले जाने से बचते हैं। खासतौर पर घना अंधेरा और सुनसान रास्ता लोगों के मन में डर पैदा कर देता है।
टिफिन टॉप (Tiffin Top)
टिफिन टॉप नैनीताल का लोकप्रिय व्यू पॉइंट है। यहां से पूरे शहर का शानदार नजारा दिखाई देता है। लेकिन शाम ढलने के बाद यहां का घना जंगल और सन्नाटा लोगों को असहज महसूस करा सकता है। कुछ ट्रेकर्स ने यहां अजीब आवाजें सुनने और अचानक ठंड बढ़ने जैसी घटनाओं का जिक्र किया है।
राजभवन रोड (Raj Bhavan)
राज भवन के आसपास की सड़कें रात में काफी सुनसान हो जाती हैं। कुछ टैक्सी ड्राइवरों और स्थानीय लोगों का दावा है कि यहां देर रात सफेद कपड़ों में किसी महिला को देखने की कहानियां सुनने को मिलती हैं। हालांकि यह केवल यहां लोककथाओं के तौर पर प्रचिलत है, लेकिन इनकी वजह से यह इलाका लोगों के बीच चर्चा और रहस्यों बना में रहता है।
सेंट जॉन चर्च (St. John Church)
सेंट जॉन चर्च ब्रिटिश काल का बेहद पुराना चर्च है। यह घने जंगलों के बीच स्थित है, जिसके कारण शाम के बाद यहां सन्नाटा छा जाता है। स्थानीय लोगों के बीच ऐसी कहानियां प्रचलित हैं कि यहां कई बार किसी के चलने की आवाजें सुनाई देती हैं, जबकि आसपास कोई दिखाई नहीं देता। पुराने कब्रिस्तान और चर्च की शांत व सुनसान लोकेशन इस जगह को और रहस्यमयी बना देती है।
क्यों बढ़ता है इन जगहों का डर?
नैनीताल की इन जगहों को लेकर फैली कहानियां और लोककथाएं लोगों के मन में डर पैदा करती हैं। रात के समय पहाड़ी इलाकों में घना अंधेरा, ठंडी हवाएं और सन्नाटा माहौल को और ज्यादा रहस्यमयी बना देता है। कई बार लोगों की कल्पनाएं और सुनी-सुनाई बातें भी इन जगहों को डरावना बना देती हैं।
हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि इन घटनाओं को अंधविश्वास की बजाय सामान्य नजरिए से देखना चाहिए। फिर भी रोमांच पसंद करने वाले पर्यटक इन जगहों पर घूमने जरूर पहुंचते हैं। खासतौर पर एडवेंचर और हॉरर एक्सपीरियंस पसंद करने वाले लोगों के बीच ये लोकेशंस काफी लोकप्रिय हैं।
नैनीताल घूमने जाएं तो रखें ये सावधानियां
अगर आप नैनीताल की इन रहस्यमयी जगहों पर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो रात में अकेले जाने से बचें। पहाड़ी इलाकों में मौसम तेजी से बदलता है, इसलिए सुरक्षा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। सुनसान इलाकों में बिना जानकारी के जाने की बजाय स्थानीय लोगों की सलाह जरूर लें।
नैनीताल अपनी खूबसूरती के साथ-साथ रहस्यमयी कहानियों के लिए भी जाना जाता है। यही वजह है कि यह शहर केवल प्रकृति प्रेमियों ही नहीं, बल्कि रोमांच और रहस्य पसंद करने वाले लोगों को भी अपनी ओर आकर्षित करता है।