Aligarh News: नकली सोने से लोन फ्रॉड का खुलासा, मुथूट फिनकॉर्प से जुड़े तीन गिरफ्तार

Aligarh News: अलीगढ़ में नकली सोना गिरवी रख लोन लेने पहुंचे तीन आरोपी गिरफ्तार, पांच की तलाश जारी

Update:2026-07-30 21:21 IST

Aligarh News

Aligarh News: सासनीगेट थाना पुलिस ने नकली सोने का नैकलेस गिरवी रखकर फाइनेंस कंपनी से लोन लेने की कोशिश कर रहे तीन आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर एक बड़े धोखाधड़ी गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक नकली पीली धातु का नैकलेस और एक सीजशुदा स्विफ्ट कार बरामद की है। मामले में गिरोह के पांच अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार मुथूट फिनकॉर्प फाइनेंस कंपनी, आगरा रोड शाखा में एक पीली धातु का नैकलेस गिरवी रखकर लोन लेने का प्रयास किया गया। जांच के दौरान नैकलेस नकली निकला, जिसके बाद थाना सासनीगेट में मुकदमा संख्या 337/26 धारा 318(4)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मुथूट फिनकॉर्प के बाहर से भैरव निवासी रामपुर वक्टरा, थाना इगलास, सुभाष चंद्र निवासी खेरिया गुरुदेव, थाना इगलास तथा अवनीश कुमार निवासी मटसैना, जनपद फिरोजाबाद को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि इस धोखाधड़ी में उनके पांच अन्य साथी भी शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

बरामदगी में एक नकली नैकलेस (पीली धातु) तथा स्विफ्ट कार संख्या UP13BD8273 शामिल है, जिसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।पूरी कार्रवाई थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अवधेश कुमार, उपनिरीक्षक सुभाष कुमार तथा पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है।

Tags:    

Similar News