Aligarh News: आरसेटी में युवाओं को मिला कारोबार शुरू करने का मंत्र, योजनाओं की दी जानकारी

Aligarh News: अलीगढ़ आरसेटी में युवाओं और महिलाओं को एमएसएमई योजनाओं की जानकारी, कारोबार शुरू करने के लिए मिला प्रशिक्षण और मार्गदर्शन

Update:2026-07-30 22:43 IST

Aligarh News

Aligarh News:-30 जुलाई नौकरी की तलाश में भटक रहे युवाओं और स्वरोजगार का सपना देख रही महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। केनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में आयोजित उद्यमी लॉन्चपैड कार्यक्रम के तहत एमएसएमई योजनाओं पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें युवाओं को सरकारी योजनाओं के माध्यम से अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देना और अधिक से अधिक लोगों को आत्मनिर्भर बनाना रहा।

कार्यशाला के पहले सत्र में जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना सहित विभिन्न एमएसएमई योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिभागियों को पात्रता, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, बैंक ऋण, अनुदान और व्यवसाय स्थापित करने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बन सकते हैं।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में बैंक अधिकारियों, अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयकों और अन्य स्टेकहोल्डर्स के साथ विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें पात्र आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण, ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को सरल बनाने, लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच बढ़ाने तथा बैंक और विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि पारदर्शी और तेज प्रक्रिया से अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार का लाभ मिल सकेगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों ने सरकारी योजनाओं से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया और व्यवसाय शुरू करने के लिए विशेषज्ञों से आवश्यक मार्गदर्शन भी लिया। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही।

इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग केंद्र अलीगढ़, समाधान टीम, अग्रणी जिला प्रबंधक, युवा फेलो एवं अन्य संबंधित अधिकारियों ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की स्वरोजगार योजनाएं युवाओं और महिलाओं के लिए नए अवसर खोल रही हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में योगदान देने का आह्वान किया।

अलीगढ अधिकारियों का कहना था कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल नए उद्यमियों को तैयार कर रहे हैं, बल्कि जिले के आर्थिक विकास को भी नई गति दे रहे हैं।

Tags:    

Similar News