Aligarh News: सड़क दुर्घटना में मृत किसान के परिजनों को उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक और केयर हेल्थ इंश्योरेंस ने ₹5 लाख का चेक सौंपा

Aligarh News: उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, अलीगढ़ में आयोजित एक औपचारिक समारोह में किरण यादव को बीमा राशि का प्रतीकात्मक चेक सौंपा गया।

Update:2025-07-30 11:15 IST

Aligarh News

Aligarh News: गांव कल्यानपुर बिलोना चितरासी, गंगीरी निवासी किसान दिनेश कुमार पुत्र चंद्रपाल की 12 मार्च 2025 को एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। दिनेश उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की गंगीरी शाखा से जुड़े किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) धारक थे। उन्होंने मात्र ₹3,730 के प्रीमियम पर केयर हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी से तीन वर्षों के लिए ₹5 लाख की किसान दुर्घटना बीमा पॉलिसी ली थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद बीमा कंपनी द्वारा दावे की प्रक्रिया शीघ्रता से पूर्ण की गई और ₹5 लाख की बीमा राशि उनकी पत्नी किरण यादव (नामांकित व्यक्ति) के बैंक खाते में स्थानांतरित कर दी गई।

हाल ही में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, अलीगढ़ में आयोजित एक औपचारिक समारोह में किरण यादव को बीमा राशि का प्रतीकात्मक चेक सौंपा गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक हेमंत कुमार गालव, उप क्षेत्रीय प्रबंधक रामेंद्र कुमार, शाखा प्रबंधक अर्जुन पालीवाल, वरिष्ठ प्रबंधक ओंकार तथा केयर हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी से एरिया मैनेजर मुकेश राज, धर्मेंद्र कुमार और सुशांत कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक हेमंत कुमार गालव ने कहा,"यह बीमा योजना किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। हम सभी किसानों से आग्रह करते हैं कि वे इस प्रकार की सुरक्षा योजनाओं से जुड़ें, ताकि किसी आकस्मिक दुर्घटना की स्थिति में उनके परिवार को आर्थिक सहायता मिल सके।"यह मामला इस बात का जीवंत उदाहरण है कि बेहद कम प्रीमियम पर ली गई बीमा योजना भी आपदा की घड़ी में परिवार को मजबूत आर्थिक सहारा प्रदान कर सकती है। ऐसी योजनाएं ग्रामीणों के लिए न केवल जोखिम प्रबंधन का माध्यम हैं, बल्कि एक प्रभावी सामाजिक सुरक्षा कवच भी हैं।

Tags:    

Similar News