Aligarh News: अलीगढ़ में खाद्य विभाग की छापेमारी,106 किलो खराब खाद्य सामग्री नष्ट, कैटरिंग गोदाम सील
Aligarh News: अलीगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने रेलवे स्टेशन और श्याम नगर क्षेत्र में छापेमारी कर 106 किलो खराब खाद्य सामग्री नष्ट की। गंदगी और मिलावट मिलने पर एक कैटरिंग गोदाम को सील कर दिया गया और कई नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए।
Aligarh News
Aligarh News: जनपद में अगर आप भी स्टेशन के बाहर कचौड़ी-सब्जी का स्वाद लेने के शौकीन हैं, तो जरा संभल जाइए। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को ऐसा छापा मारा कि मिलावटखोरों के पसीने छूट गए। दो टीमों ने रेलवे स्टेशन के बाहर और श्याम नगर में ताबड़तोड़ कार्रवाई कर सेहत से खिलवाड़ करने वालों की छुट्टी कर दी।
सबसे बड़ा झटका श्याम नगर के एक प्रतिष्ठान पर लगा। यहां 70 किलो बेसन का घोल खुला पड़ा था और उस पर मक्खियां पार्टी कर रही थीं। टीम ने मौके पर ही पूरा घोल नष्ट करा दिया। सोचिए, यही घोल आपके गरमागरम पकौड़े बनाता! इसके अलावा स्टेशन रोड पर 20 किलो आलू की सब्जी, 5 किलो जलेबी, 8 किलो कचौड़ी और 3 किलो तली हरी मिर्च भी गंदगी में लिपटी मिली। कुल 106 किलो माल को तुरंत नष्ट करा दिया गया।टीम यहीं नहीं रुकी। श्याम नगर से बेसन घोल, रिफाइंड सोयाबीन ऑयल और आलू पकौड़े के तीन नमूने भरे गए। वहीं एक कैटरिंग गोदाम का हाल देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। वहां गंदगी का अंबार था। मैदा और रिफाइंड पामोलिन ऑयल के दो नमूने लेकर गोदाम को सुधार होने तक बंद करने का फरमान सुना दिया गया।
असिस्टेंट कमिश्नर के निर्देश पर चीफ फूड सेफ्टी ऑफिसर की अगुवाई में हुई इस कार्रवाई में होटल, ढाबों और कैटरर्स को भी सख्त चेतावनी मिली है। अब सभी पांच नमूने लैब भेजे जा रहे हैं। अगर रिपोर्ट में गड़बड़ी निकलती है तो FSSAI एक्ट-2006 के तहत सख्त कार्रवाई तय है।अलीगढ़ विभाग का कहना है कि स्टेशन के आसपास अब रोज निगरानी होगी। यात्रियों की थाली में जहर परोसने वालों की अब खैर नहीं। तो अगली बार बाहर खाने से पहले दो बार सोचिएगा जरूर।