Aligarh: गांधी-शास्त्री जयंती पर स्वच्छता का संकल्प, नगर निगम ने किया सफाई कर्मियों का सम्मान
Aligarh News: अलीगढ़ में गांधी-शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि समारोह, स्वच्छता के संकल्प के साथ महापुरुषों को याद कर उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित।
गांधी-शास्त्री जयंती पर स्वच्छता का संकल्प (photo: social media )
Aligarh News: कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में गांधी-शास्त्री जयंती का भव्य श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर प्रशांत सिंघल व नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा, अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव के नेतृत्व में पार्षदों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने रामधुन गाते हुए महात्मा गांधी और शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण किया और उनके बताए पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि समारोह में पार्षदों, अधिकारियों व कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के जीवन व अनुभव पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने स्वराज्य व स्वच्छता के दो अमूल्य वचनों पर बोलते हुए कहा कि इन दोनों वचनों से आधुनिक भारत की नींव रखी गई है। उन्होंने कहा कि तन-मन से घर की स्वच्छता के साथ-साथ अपनी गली, मोहल्ले, नालों को भी स्वच्छ बनाने का संकल्प लेना होगा — और यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
स्वच्छता ही सेवा
महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों महापुरुषों के वचनों का संकल्प लेकर उन्हें संकल्प से सिद्धि की ओर बढ़ाया है। विकसित भारत की परिकल्पना के लिए सभी देशवासियों को इन दोनों महापुरुषों के पदचिन्हों पर चलने की आवश्यकता है। ‘स्वच्छता ही सेवा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि भारतवर्ष में एक जन आंदोलन बन चुका है।
श्रद्धांजलि समारोह और ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के समापन पर महापौर, नगर आयुक्त और अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव के साथ पार्षदों ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों, विभिन्न स्कूलों के बच्चों, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्रों, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों, वार्ड प्रोत्साहन समिति के सदस्यों और प्रवर्तन दल के जवानों को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में पार्षद हाफिज अब्बासी, नईम अहमद, सद्दाम अशरफी, विमलेश देवी, बिजेंद्र बघेल, योगेंद्र पाल ठाकुर, योगेंद्र सिंह, रामकिशोर, दिनेश उपाध्याय, बॉबी कुमार, आकिल अल्वी, सुनील निगम, भूपेंद्र सिंह, गुलफाम अल्वी, लाल सिंह, सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह, तपस्या यादव, मुख्य अभियंता बी.के. सिंह, महाप्रबंधक जल डॉ. पी.के. सिंह, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी रामानंद त्यागी, नगर निगम सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष प्रदीप भंडारी, महामंत्री सुनील टुंडा, नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय सक्सेना सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न स्कूलों के बच्चे और अर्बन कंपनी के कर्मचारी मौजूद रहे।