Aligarh: एनएच-34 को सेफ कॉरिडोर बनाने की तैयारी, SSP ने ब्लैक स्पॉट और टोल प्लाजा का किया निरीक्षण

Aligarh News: अलीगढ़ में एनएच-34 को सुरक्षित कॉरिडोर बनाने के लिए एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने अकराबाद क्षेत्र के ब्लैक स्पॉट्स और टोल प्लाजा का निरीक्षण किया।

Update:2026-06-04 09:34 IST

Aligarh News

Aligarh News: जनपद में एनएच-34 को "सेफ कॉरिडोर" बनाने के लिए अलीगढ़ पुलिस ने कमर कस ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने पुलिस अधीक्षक यातायात के साथ थाना अकराबाद क्षेत्र में हाईवे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन खतरनाक ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हित किया गया, जहां अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने मौके पर सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने देखा कि कहां साइन बोर्ड की कमी है, कहां स्पीड ब्रेकर की आवश्यकता है और किन स्थानों पर यातायात पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की जरूरत है। सभी बिंदुओं को गंभीरता से नोट किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य "जीरो फेटलिटी डिस्ट्रिक्ट" के लक्ष्य को हासिल करना है, ताकि सड़क हादसों में होने वाली मौतों को रोका जा सके।इसके बाद एसएसपी ने क्रिटिकल कॉरिडोर टीम के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए केवल योजनाएं नहीं, बल्कि प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। टीम को ब्लैक स्पॉट्स पर लगातार निगरानी रखने तथा ओवरस्पीड और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी का काफिला अकराबाद टोल प्लाजा भी पहुंचा, जहां उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों और टोल कर्मियों के साथ बैठक की। एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क भले ही एनएचएआई की हो, लेकिन सुरक्षा की जिम्मेदारी सभी की है। उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों को टूटी रेलिंग, अंधे मोड़ों और खराब स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।साथ ही टोल कर्मियों को निर्देशित किया गया कि एम्बुलेंस और क्रेन को हर समय अलर्ट मोड में रखा जाए, ताकि किसी दुर्घटना की स्थिति में गोल्डन ऑवर का पूरा लाभ मिल सके और घायलों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात प्रवीण कुमार यादव और क्षेत्राधिकारी बरला गर्वित सिंह भी मौजूद रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अब एनएचएआई, टोल प्रबंधन और पुलिस संयुक्त रूप से कार्य करेंगे, ताकि हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।अलीगढ़ पुलिस का संदेश साफ है—यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। अब हाईवे पर सिर्फ कैमरों की नहीं, बल्कि प्रशासन की भी सीधी नजर रहेगी।

Tags:    

Similar News