Aligarh: चिल्ड्रन्स कार्निवल में बच्चों का हुनर देख गदगद हुए एसएसपी,नन्हे उद्यमियों का बढ़ाया उत्साह
Aligarh News: अलीगढ़ के अथर्व इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित चिल्ड्रन्स कार्निवल-2026 में एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने बच्चों के फूड स्टॉल्स और हस्तनिर्मित उत्पादों का निरीक्षण किया।
Aligarh News
Aligarh News: जनपद में बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अथर्व इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को ‘चिल्ड्रन्स कार्निवल-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान स्कूल परिसर में बच्चों द्वारा लगाए गए विभिन्न प्रकार के फूड स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों के हुनर और उनके द्वारा किए गए प्रयासों को देखकर एसएसपी ने जमकर सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने स्कूल परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया। बच्चों ने अपने हाथों से तैयार किए गए अलग-अलग खाद्य पदार्थों और हस्तनिर्मित सामग्री को प्रदर्शित किया। इस दौरान बच्चों ने अपने स्टॉल पर तैयार किए गए व्यंजनों और अन्य उत्पादों के बारे में एसएसपी को जानकारी दी। बच्चों के आत्मविश्वास और अपने काम को प्रस्तुत करने के अंदाज ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।अलीगढ एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने बच्चों द्वारा तैयार किए गए खाद्य पदार्थों और हस्तनिर्मित सामग्री का अवलोकन करते हुए उनकी मेहनत, लगन और रचनात्मक सोच की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ नई चीजें सीखने और अपने अंदर छिपे हुनर को पहचानने का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और उद्यमशीलता की भावना विकसित होती है।
उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ इस तरह की गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। इससे बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है और वे भविष्य में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रेरित होते हैं। एसएसपी ने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।चिल्ड्रन्स कार्निवल के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। अपने-अपने स्टॉल को आकर्षक तरीके से सजाकर बच्चों ने अपनी मेहनत और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में स्कूल के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, आयोजक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।