Aligarh News: अलीगढ़ में एसएसपी की पैदल गश्त, कानून-व्यवस्था का लिया जायजा, लोगों से संवाद
Aligarh News : अलीगढ़ में एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने पैदल गश्त कर कानून-व्यवस्था का जायजा लिया, नागरिकों से सुरक्षा फीडबैक लिया।
Aligarh News
Aligarh News : जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अलीगढ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने सोमवार को भारी पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र में पैदल गश्त की। एसएसपी ने मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
यह पैदल गश्त क्वार्सी चौराहे से शुरू होकर किशनपुर तिराहा, गाँधीआई तिराहा, सेन्टर प्वाइंट, रेलवे स्टेशन, एसबीआई तिराहे से होते हुए दीवानी न्यायालय तक और फिर पुलिस लाइन पर समाप्त हुई। इस दौरान एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने रास्ते में पड़ने वाले बाजारों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर रुककर आम नागरिकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों को पुलिस की मौजूदगी का भरोसा दिलाते हुए सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया।
एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने व्यापारियों और स्थानीय निवासियों से कानून-व्यवस्था को लेकर फीडबैक भी लिया। उन्होंने सभी से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। साथ ही नागरिकों से रात के समय सतर्क और सजग रहने को कहा।
गश्त के दौरान एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों और थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा। कि अपराध नियंत्रण के लिए मुख्य मार्गों, चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार पैदल गश्त की जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर कड़ी निगरानी रखने के साथ ही अराजक तत्वों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर आदित्य बंसल, पुलिस अधीक्षक यातायात प्रवीन कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय धनंजय सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर तृतीय सर्वम सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों की इस सक्रियता से आम लोगों में सुरक्षा की भावना और मजबूत हुई है।