26/11 के बलिदानियों के शौर्य को किया नमन, प्रतीक रघुवंशी ने 'भगवा आतंकवाद' के नैरेटिव पर उठाए सवाल
Aligarh News: अलीगढ़ के खेरेश्वर मंदिर में विहिप-बजरंगदल ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान प्रतीक रघुवंशी ने मेजर संदीप उन्नीकृष्णन और तुकाराम ओम्बले के शौर्य को याद करते हुए 'भगवा आतंकवाद' के नैरेटिव पर सवाल उठाए।
Aligarh News
Aligarh News: मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए भीषण आतंकी हमले की बरसी पर खेरेश्वर मंदिर, हरिगढ़ में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं बजरंगदल की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुंबई हमले में शहीद हुए वीर जवानों और निर्दोष नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में विहिप ब्रज प्रांत के प्रचार-प्रसार सह प्रमुख प्रतीक रघुवंशी ने संबोधित करते हुए बलिदानियों के शौर्य, साहस और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को याद किया।
प्रतीक रघुवंशी ने विशेष रूप से मेजर संदीप उन्नीकृष्णन और सहायक पुलिस उपनिरीक्षक तुकाराम ओम्बले के अदम्य साहस का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मेजर संदीप उन्नीकृष्णन ने ताज होटल में आतंकियों से मुकाबला करते हुए अपने साथी कमांडो और नागरिकों की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। वहीं, तुकाराम ओम्बले ने अपनी जान की परवाह किए बिना आतंकवादी अजमल कसाब को जीवित पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन वीर जवानों का त्याग देश की आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।अपने संबोधन में उन्होंने उस दौर के राजनीतिक विमर्श पर भी सवाल उठाए, जब देश आतंकवाद की गंभीर चुनौती से जूझ रहा था। उन्होंने कहा कि 'भगवा आतंकवाद' जैसे शब्दों का राजनीतिक इस्तेमाल करके हिंदू समाज और उसकी सांस्कृतिक पहचान को बदनाम करने का प्रयास किया गया। आतंकवाद के मामलों में वास्तविक अपराधियों और संगठनों की पहचान होनी चाहिए, न कि किसी धर्म या सांस्कृतिक पहचान को निशाना बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हिंदू संस्कृति का मूल संदेश 'सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः' और 'वसुधैव कुटुम्बकम्' है। यह परंपरा संपूर्ण मानवता के कल्याण, समरसता, करुणा और सह-अस्तित्व की शिक्षा देती है। ऐसे समाज को आतंकवाद से जोड़कर प्रस्तुत करना उसकी मूल सांस्कृतिक भावना को समझने में विफलता है।प्रतीक रघुवंशी ने कहा कि 26/11 का हमला केवल मुंबई पर हमला नहीं था, बल्कि भारत की संप्रभुता, सुरक्षा और राष्ट्रीय एकता को चुनौती देने वाला आतंकी हमला था। देश को इस काले अध्याय को कभी नहीं भूलना चाहिए और युवाओं को वीर जवानों के त्याग एवं राष्ट्रनिष्ठा से परिचित कराना चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि भारत माता की सेवा ही जीवन का उद्देश्य होना चाहिए। राष्ट्रहित में आवश्यकता पड़ने पर बलिदान देने से भी पीछे नहीं हटना चाहिए। राष्ट्र की रक्षा केवल सीमा पर तैनात जवानों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि जब-जब राष्ट्र को युवा शक्ति की आवश्यकता पड़ी है, विहिप और बजरंगदल ने अग्रणी भूमिका निभाई है और आगे भी निभाते रहेंगे।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रहने और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।इस अवसर पर विहिप ब्रज प्रांत के प्रचार-प्रसार सह मंत्री प्रतीक रघुवंशी, महानगर सह मंत्री इंद्रपाल सिंह, महानगर बजरंगदल संयोजक दीपक राजपूत, महानगर गौरक्षा प्रमुख करन चौधरी, संजय, सुमित शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।