Aligarh News: मंडलायुक्त और एसएसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, 112 शिकायतें

Aligarh News: मंडलायुक्त ओपी आर्य ने पहली बार में शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और फीडबैक लेने के निर्देश दिए, एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने निष्पक्ष कार्रवाई पर जोर दिया।

Update:2026-11-25 19:33 IST

मंडलायुक्त और एसएसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, 112 शिकायतें (Photo- Newstrack)

Aligarh News: आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाने के लिए बुधवार को मंडलायुक्त ओपी आर्य और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने जनसुनवाई की। मंडलायुक्त ने अपने कार्यालय में जनता दर्शन के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं, एसएसपी की जनसुनवाई में कुल 112 शिकायतें प्राप्त हुईं।

पहली बार में ही शिकायतों का हो गुणवत्तापूर्ण समाधान

मंडलायुक्त ओपी आर्य ने कहा कि जनता दर्शन और अन्य माध्यमों से मिलने वाली शिकायतों को अधिकारी औपचारिकता न समझें। हर शिकायत की गंभीरता से जांच कर पहली बार में ही निष्पक्ष और प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को एक ही समस्या के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल रिपोर्ट लगाकर फाइल बंद करना शिकायत का निस्तारण नहीं है, बल्कि समाधान का असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने अलीगढ़, एटा, कासगंज और हाथरस के अधिकारियों को शिकायतों की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित समयसीमा में उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतों के समाधान के बाद फरियादियों को फोन कर फीडबैक लेने और उनकी संतुष्टि की पुष्टि करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


एसएसपी की जनसुनवाई में पहुंचीं 112 शिकायतें

दूसरी ओर, एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर आदित्य बंसल, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र और प्रभारी जनशिकायत प्रकोष्ठ भी मौजूद रहे। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से आए लोगों ने पारिवारिक विवाद, जमीन संबंधी मामले, मारपीट, आपसी रंजिश और पुलिस कार्रवाई से जुड़ी शिकायतें रखीं।

मौके पर जांच कर कार्रवाई के निर्देश

एसएसपी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनकर संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर तथ्यों की जांच करें और निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करें। फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी बात धैर्यपूर्वक सुनी जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी शिकायत को अनावश्यक लंबित न रखा जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

Tags:    

Similar News