Aligarh News: ईद को लेकर अलर्ट मोड पर पुलिस, शाहजमाल ईदगाह पर हुई शांति समिति की बैठक
Aligarh News: अलीगढ़ में ईद को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है। शाहजमाल ईदगाह में शांति समिति की बैठक आयोजित कर सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद में आगामी ईद पर्व और जुमे की नमाज को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक नगर आदित्य बंसल ने नगर क्षेत्र स्थित शाहजमाल ईदगाह पर शांति समिति की बैठक की।
धर्मगुरुओं और स्थानीय लोगों के साथ हुआ संवाद
बैठक में संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं और क्षेत्रीय लोगों की मौजूदगी रही। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर ने सभी से संवाद स्थापित करते हुए आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग ईद का पर्व प्रेम और शांति के साथ मनाएं और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या भ्रामक सूचना दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित किया जाए।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि ईद पर्व को देखते हुए जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही लगातार पैदल गश्त और वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
ट्रैफिक प्लान और सोशल मीडिया पर निगरानी
उन्होंने बताया कि त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि कोई भी असामाजिक तत्व माहौल खराब करने की कोशिश न कर सके।
लोगों ने दिया सहयोग का भरोसा
बैठक में मौजूद स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। पुलिस ने भी लोगों से अपील की कि वे शांति, भाईचारे और कानून का पालन करते हुए ईद का पर्व मनाएं।