Aligarh News: अलीगढ़ में बड़ा हादसा: 83 बच्चों से भरी स्कूल बस खाई में पलटी, 10 घायल, 3 गंभीर

Aligarh News: अलीगढ़ के गंगीरी क्षेत्र में 83 बच्चों से भरी स्कूल बस खाई में पलट गई। हादसे में 10 बच्चे घायल और 3 की हालत गंभीर है। पुलिस जांच जारी है।

Update:2026-05-14 13:18 IST

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: जनपद के थाना गंगीरी क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। भदरोई गांव के पास बच्चों से भरी एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीण तुरंत राहत कार्य में जुट गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा अलीगढ़-हाथरस बॉर्डर पर सिकंदराराऊ के पास हुआ, जहां अकराबाद क्षेत्र के कौड़ियागंज स्थित वेंटेज इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में पलट गई।

बस में क्षमता से अधिक बच्चे होने का आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में करीब 83 बच्चे सवार थे। आरोप है कि बस में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया गया था। एक छात्र ने बताया कि ड्राइवर एक बच्चे को अपने पास बैठाने की कोशिश कर रहा था, तभी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को बस से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप

किसान महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष तारावती ने आरोप लगाया है कि बस का उपयोग दिन में स्कूल बच्चों को ढोने और रात में शादी समारोहों में बारात के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा कि बस की क्षमता लगभग 40 बच्चों की है, लेकिन हादसे के समय इसमें 83 बच्चे सवार थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इतने बड़े हादसे के बाद भी स्कूल प्रशासन और स्टाफ का कोई सदस्य मौके पर नहीं पहुंचा।

पुलिस जांच जारी

हादसे में करीब 10 बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही एसपी देहात मनीष कुमार मिश्रा, सीओ छर्रा और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News