Aligarh News: खेत विवाद में युवक ने लहराया तमंचा, PRV की तत्परता से टला बड़ा हादसा

Aligarh News: अलीगढ़ के गांव माती में खेत विवाद के दौरान युवक ने तमंचा लहराया, PRV टीम की तत्परता से आरोपी गिरफ्तार और बड़ा हादसा टला

Update:2026-04-17 08:55 IST

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: अलीगढ़ जिले के थाना गोंडा क्षेत्र के गांव माती से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां खेत में काम के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक खतरनाक रूप ले बैठा। हालांकि, समय रहते पुलिस की सक्रियता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, गांव माती निवासी जगदीश अपने खेत में गेहूं निकलवाने का काम कर रहा था। उसी दौरान पास में गांव का ही एक अन्य युवक भी अपने खेत में काम करवा रहा था। इसी बीच उस युवक ने जगदीश से पहले अपना काम करवाने की बात कही, लेकिन जगदीश ने मना कर दिया।

बस इसी छोटी सी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक गुस्से में आ गया और तमंचा लेकर मौके पर पहुंच गया। उसने तमंचा लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से घबराए जगदीश ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरवी 8705 पर तैनात पुलिसकर्मी शैलेंद्र सिंह, श्रीगोपाल और रामसुत मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके से ही तमंचा और एक जिंदा कारतूस सहित पकड़ लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को बाद में थाना गोंडा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जहां उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल एक बड़ा हादसा टल गया, बल्कि इलाके में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा भी मजबूत हुआ है।

Tags:    

Similar News