Aligarh News: धार्मिक झंडे के अपमान का आरोप, वायरल वीडियो से बढ़ा तनाव, लोगों में आक्रोश
Aligarh News: अलीगढ़ में धार्मिक झंडे के कथित अपमान का वीडियो वायरल होने के बाद तनाव बढ़ा, लोगों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग तेज
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: अलीगढ़ जिले के एक थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां धार्मिक झंडे के कथित अपमान को लेकर माहौल गर्मा गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ युवकों द्वारा एक टावर पर लगे भगवान श्रीराम के झंडे को फाड़कर नीचे फेंक दिया गया और उसकी जगह दूसरा झंडा लगा दिया गया। इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया गया, जिसके बाद मामला तेजी से फैल गया।
वीडियो सामने आने के बाद खुद को सनातन धर्म से जुड़े लोग बताने वाले समूहों में आक्रोश बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि वे इस तरह के अपमान को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। मौके पर प्रशासन के मौजूद होने की भी बात कही जा रही है, जिससे लोगों में और नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि धर्म का अपमान किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। घटना के बाद लोगों ने एकजुट होकर संबंधित थाने पहुंचने का आह्वान किया है। सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने की अपील की जा रही है।
हालांकि, इस पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और आरोपियों के खिलाफ कितनी सख्त कार्रवाई की जाती है। फिलहाल, सभी की नजरें पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।