Aligarh News: अलीगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, डेढ़ महीने से लापता राजीव कुमार सकुशल बरामद

Aligarh News: अलीगढ़ के थाना गांधी पार्क पुलिस ने डेढ़ महीने से लापता राजीव कुमार को सकुशल बरामद किया, परिवार में खुशी

Update:2026-04-17 09:54 IST

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: अलीगढ़ जनपद में थाना गांधी पार्क पुलिस ने अथक प्रयासों के बाद एक गुमशुदा व्यक्ति को सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। करीब डेढ़ महीने से लापता चल रहे राजीव कुमार को पुलिस ने सुरक्षित ढूंढ निकाला, जिससे परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, 24 फरवरी 2026 को नौरंगाबाद छाबनी, गली नंबर 5 निवासी प्रीति ने अपने पति राजीव कुमार के अचानक लापता होने की सूचना थाना गांधी पार्क में दी थी। राजीव कुमार, पुत्र राजपाल, रात करीब 10:30 बजे बिना बताए घर से कहीं चले गए थे और वापस नहीं लौटे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना गांधी पार्क पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 78/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशन में गुमशुदा की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीसीआरबी और एससीआरबी को सूचना भेजी गई। साथ ही आकाशवाणी आगरा और दूरदर्शन केंद्र लखनऊ के माध्यम से भी जानकारी प्रसारित कराई गई। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को पत्राचार कर सूचना दी गई और पंपलेट भी वितरित किए गए। गुमशुदा की जानकारी दैनिक समाचार पत्रों में भी प्रकाशित कराई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया, जिनमें एसओजी और सर्विलांस टीमों को भी शामिल किया गया। पुलिस टीमों ने लगातार प्रयास करते हुए तकनीकी और मानवीय संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया। इन अथक प्रयासों का परिणाम रहा कि गुमशुदा राजीव कुमार (उम्र करीब 35 वर्ष) को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस की इस सफलता से परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस टीम की सराहना की जा रही है।

Tags:    

Similar News