Aligarh News: खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 920 किलो सॉस सीज, हजारों लीटर सामग्री नष्ट
Aligarh News: अलीगढ़ में खाद्य विभाग ने चटनी-सॉस फैक्ट्रियों पर छापा मारकर 920 किलो सॉस सीज की, हजारों लीटर सामग्री नष्ट की और छह नमूने जांच को भेजे।
खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 920 किलो सॉस सीज, हजारों लीटर सामग्री नष्ट (Photo- Newstrack)
Aligarh News: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने चटनी, सॉस, जैम, जेली और अचार के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाते हुए दो प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल छह नमूने संग्रहित कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि भारी मात्रा में खाद्य सामग्री सीज एवं नष्ट कराई गई।आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय के निर्देशन तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह तोमर के पर्यवेक्षण में दो टीमों का गठन कर कार्रवाई की गई।
पहली टीम ने दिल्लीगेट क्षेत्र स्थित एक प्रतिष्ठान से व्हाइट विनेगर, रेड ग्रीन सॉस और समोसा मसाला के नमूने लिए। जांच के दौरान रेड ग्रीन सॉस की 920 किलोग्राम मात्रा, जिसकी कीमत 21,240 रुपये बताई गई, को सीज कर दिया गया। वहीं अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे गए 150 किलोग्राम खाद्य पदार्थ को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
180 लीटर मीठी चटनी नष्ट कराई गई
दूसरी टीम ने मैरिस रोड स्थित एक निर्माणशाला से मीठी चटनी, हरी चटनी और सोया सॉस के नमूने संग्रहित किए। कार्रवाई के दौरान 180 लीटर मीठी चटनी नष्ट कराई गई तथा 464 बोतलों वाले 39 पैक बॉक्स सीज किए गए। इसके अलावा 108 लीटर हरी चटनी और 105 लीटर सोया सॉस को भी सीज किया गया, जबकि 200 लीटर हरी चटनी मौके पर नष्ट कराई गई।
दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करते हुए विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से जिले के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।