Auraiya News: औरैया में B.Ed परीक्षा को लेकर बड़ा अलर्ट, नकलविहीन परीक्षा पर जोर

Auraiya News: औरैया में 31 मई 2026 को होने वाली यूपी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन ने बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। तीन परीक्षा केंद्रों पर 1422 अभ्यर्थियों के लिए CCTV, सुरक्षा और सभी मूलभूत सुविधाओं के निर्देश दिए गए हैं।

Update:2026-05-29 20:06 IST

Auraiya News: औरैया में आगामी 31 मई 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड 2026 की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने की। इस दौरान उन्होंने परीक्षा से जुड़े सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेटों, केंद्राध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करें, ताकि परीक्षा की गरिमा और शुचिता बनी रहे। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए किसी भी चुनौती का समय रहते समाधान करने तथा परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने पर जोर दिया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अविनाश चंद्र मौर्य ने कहा कि बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026 को नकलविहीन और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना सभी संबंधित अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को समय से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने और किसी भी समस्या की सूचना पूर्व में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

केंद्र व्यवस्थापकों को सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर के सुचारु संचालन की विशेष निगरानी रखने के लिए कहा गया। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, फर्नीचर तथा बाउंड्री वॉल जैसी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने के लिए भी कहा गया।

परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए परीक्षा केंद्रों के एक किलोमीटर के दायरे में फोटोकॉपी मशीनों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर पूर्ण रोक रहेगी।

बैठक में नोडल अधिकारी एवं प्रधानाचार्य ने जानकारी दी कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा आयोजित यह परीक्षा जनपद के तीन परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी। परीक्षा में जनपद के कुल 1422 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने परीक्षा को सफल, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का भरोसा दिलाया।

Tags:    

Similar News