Mainpuri News: अधिवक्ता से कथित अभद्रता पर वकीलों में आक्रोश, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

Mainpuri News: भोगांव में अधिवक्ता से कथित अभद्रता के विरोध में वकीलों ने बैठक कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग उठाई, आंदोलन की चेतावनी दी।

Update:2026-05-29 22:15 IST

अधिवक्ता से कथित अभद्रता पर वकीलों में आक्रोश, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी (Photo- Newstrack)

Mainpuri News: मैनपुरी जनपद के भोगांव क्षेत्र में एक अधिवक्ता के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में तहसील अधिवक्ता परिषद और बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एक आपातकालीन बैठक आयोजित कर पुलिस प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया। बैठक में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई तथा कार्रवाई न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई।

जानकारी के अनुसार तहसील अधिवक्ता परिषद के कनिष्ठ उपाध्यक्ष गौरव कुमार शाक्य ने परिषद अध्यक्ष राजेश कुमार यादव को दिए पत्र में बताया कि 28 मई की शाम लगभग छह बजे वह तहसील से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जीटी रोड चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों ने उनकी बाइक को रोका।

आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने अचानक बाइक के पहिए में डंडा डाल दिया, जिससे वह गिरते-गिरते बचे। इसके बाद उनकी बाइक की चाबी निकाल ली गई और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।

अधिवक्ता परिषद के अध्यक्ष राजेश कुमार यादव ने आरोप लगाया कि जब अधिवक्ता ने अपने मोबाइल में एक भाजपा नेता के साथ फोटो दिखाई, तब भी पुलिसकर्मियों और एक उपनिरीक्षक (एसआई) ने अपमानजनक टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे अधिवक्ता समाज का अपमान है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक में उपस्थित अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस मामले की शिकायत स्थानीय विधायक, एसडीएम और क्षेत्राधिकारी (सीओ) से की जाएगी। परिषद अध्यक्ष ने कहा कि यदि प्रशासन दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सम्मानजनक और दंडात्मक कार्रवाई नहीं करता है तो परिषद आगामी बैठक में व्यापक आंदोलन की रणनीति तैयार करेगी।

वहीं, इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकायत मिलने पर मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और आरोप सत्य पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

आपातकालीन बैठक में महासचिव हेमंत मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष गौरव शाक्य, नवल किशोर दुबे, हरिओम यादव, अजय दीक्षित, वीरेंद्र शाक्य, रामसेवक वर्मा, यतेन्द्र राजपूत, अशोक कश्यप और नंद किशोर शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ता मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News