Mainpuri News: बकरीद को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन, नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
Mainpuri News: जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि त्योहार शासन की गाइडलाइन के अनुसार ही मनाया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Mainpuri News डीएम इंद्रमणि त्रिपाठी (Social Media).jpg
Mainpuri: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए मैनपुरी जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि त्योहार शासन की गाइडलाइन के अनुसार ही मनाया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इन बैठकों में विभिन्न धर्मों के लोगों, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और आपसी भाईचारे एवं सौहार्द बनाए रखने पर सहमति जताई। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
डीएम इंद्रमणि त्रिपाठी ने साफ किया कि बकरीद के अवसर पर सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं होगी। नमाज केवल निर्धारित ईदगाहों और चिन्हित स्थानों पर ही अदा की जाएगी। इसके अलावा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूरी तरह रोक रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि शासन के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। प्रशासन द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की तैयारी की गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण करने तथा स्थिति पर पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। कई स्थानों पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती भी की जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर नगर पालिका, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत और संबंधित विभागों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी। जिलाधिकारी ने विश्वास जताया कि मैनपुरी के लोग हर बार की तरह इस बार भी भाईचारे और सद्भाव के साथ बकरीद का त्योहार मनाएंगे, जिससे जिले की गंगा-जमुनी तहजीब और अधिक मजबूत होगी।