Auraiya News: कार्तिक पूर्णिमा से पहले यमुना तट पर चला सफाई अभियान, घाट को बनाया स्वच्छ

Auraiya News:औरैया में कार्तिक पूर्णिमा स्नान से पहले विचित्र पहल सेवा समिति ने यमुना घाट पर स्वच्छता अभियान चलाकर पॉलीथिन व कचरा हटाया।

Update:2026-11-22 13:54 IST

Auraiya News: औरैया में कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व से पहले रविवार को विचित्र पहल सेवा समिति ने यमुना तट पर स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के 172वें चरण में समिति के सदस्यों ने स्नान स्थल और प्रतीक्षालय के बरामदे की सफाई कर घाट को स्वच्छ बनाया।समिति अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान यमुना घाट पर फैली पॉलीथिन, प्लास्टिक, कूड़ा-कचरा और अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्र कर हटाया गया। समिति सदस्यों ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु यमुना में स्नान करने पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण और बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया।

समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा का धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व है। इस अवसर पर औरैया शहर के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यमुना तट पर पहुंचकर आस्था की डुबकी लगाते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, दान और पूजा-अर्चना का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालु भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और भगवान शिव की आराधना भी करते हैं।

उन्होंने कहा कि नदियां हमारी प्राकृतिक धरोहर होने के साथ ही जीवन का आधार हैं। इनकी स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से यमुना में कूड़ा, प्लास्टिक और पॉलीथिन न डालने तथा नदी को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की।अभियान के समापन पर समिति सदस्यों ने यमुना तट को पॉलीथिन और प्लास्टिक मुक्त बनाने की शपथ ली। साथ ही आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रखने का संकल्प लिया।इस मौके पर तेज बहादुर वर्मा, शेखर गुप्ता, अनिल कुमार सोनी, संजय अग्रवाल, राम आसरे गुप्ता, संतोष कुशवाहा, विनोद कुमार पोरवाल, शिखर बिश्नोई (लव), रामचंद्र सोनी, कुलदीप बाजपेई, अजय कुमार, रज्जन और रामप्रसाद सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News