Auraiya News: औरैया सदर बाजार में पेड़ गिरने से बिजली ठप, व्यापारियों में प्रशासन के खिलाफ रोष

Auraiya News :औरैया सदर बाजार में पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति ठप, व्यापारियों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन पर रोष जताया।

Update:2026-06-04 15:56 IST

Auraiya News

Auraiya News : औरैया शहर के व्यस्ततम सदर बाजार क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा पेड़ अचानक सड़क और बिजली लाइनों पर गिर गया, जिससे पूरे इलाके की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल होने से दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेड़ गिरते ही बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिसके चलते पूरे बाजार क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सुबह के समय बाजार खुलने के दौरान हुई इस घटना से व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हुईं। कई दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठान बंद रखने पड़े, जबकि कुछ व्यापारियों को बिना बिजली के कामकाज करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही व्यापारियों ने वन विभाग, विद्युत विभाग और नगर पालिका प्रशासन को अवगत कराया। व्यापारियों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद काफी देर तक कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे नाराज व्यापारियों ने प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।

व्यापारी नेता राजेश बाजपेई ‘बबलू’ ने बताया कि सुबह ही संबंधित विभागों को सूचना दे दी गई थी, लेकिन करीब 10 बजे तक भी कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि पेड़ हटाने और बिजली आपूर्ति बहाल कराने के लिए लगातार प्रयास किए गए, लेकिन विभागीय उदासीनता के कारण समस्या बनी रही।

वहीं व्यापारी नेता गोपाल जी दुबे ने कहा कि सुबह से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित है, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से समस्या के समाधान के लिए कोई गंभीर पहल नहीं की गई। उन्होंने बताया कि बिजली न होने से बाजार क्षेत्र की बड़ी संख्या में दुकानों का कारोबार प्रभावित हुआ है। साथ ही पेयजल संकट की समस्या भी उत्पन्न हो गई, क्योंकि अधिकांश स्थानों पर पानी की आपूर्ति बिजली पर निर्भर है।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया। धरने पर बैठे व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पेड़ हटाने और विद्युत व्यवस्था बहाल करने की मांग की। इस दौरान स्वतंत्र अग्रवाल, रामकुमार बिश्नोई, सतीश वर्मा, अमर बिश्नोई, संजीव वर्मा, बीनू वर्मा, मयंक शुक्ला, रामकुमार गुप्ता, मुद्रा गहोई, निखिल अग्रवाल, लालू वर्मा और नरेश गुप्ता सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News