Auraiya News: औरैया में भाजपा का जिला प्रशिक्षण वर्ग संपन्न, संगठन विस्तार और बूथ मजबूती पर जोर
Auraiya News: औरैया में भाजपा के जिला प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन विस्तार और बूथ स्तर को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
Auraiya News(Photo-Social Media)
Auraiya News: औरैया में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026” के जिला प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन की शुरुआत योग सत्र के साथ हुई। समापन सत्र की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी मानवेंद्र सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार और चुनाव प्रबंधन के गुर बताए।
मानवेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि संगठन का विस्तार केवल सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से किया जाता है। उन्होंने प्रशिक्षण वर्ग के महत्व को बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम कार्यकर्ताओं को समय-समय पर अपनी जिम्मेदारियों और कार्यशैली की स्पष्ट जानकारी देते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने आगामी चुनावों में जीत सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर पर मजबूती को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने “मेरा बूथ सबसे मजबूत” और “बूथ जीतो, चुनाव जीतो” का मंत्र देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ पर सक्रिय रहकर पार्टी को मजबूत बनाना होगा। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने संगठन की कार्यशैली, सेवा और समर्पण की भावना पर अपने विचार साझा किए। वहीं क्षेत्रीय महामंत्री रामकिशोर साहू ने “विचार परिवार” विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े सभी संगठन एक वैचारिक परिवार के रूप में कार्य करते हैं।
प्रदेश प्रवक्ता संजय चौधरी ने मीडिया प्रबंधन के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया की भूमिका बेहद अहम हो गई है और यह चुनावों में निर्णायक परिवर्तन ला सकती है। कार्यक्रम में विधायक नीलिमा कठेरिया, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री बृजेश शुक्ला, पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत सहित कई वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण वर्ग में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।