Auraiya News: फफूंद थाना क्षेत्र में बड़ी चोरी, दो घरों से 37 लाख के जेवर और नकदी पार
Auraiya News: औरैया के फफूंद थाना क्षेत्र के मुड़ी और खोयला गांव में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर करीब 37 लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली।
फफूंद थाना क्षेत्र में बड़ी चोरी, दो घरों से 37 लाख के जेवर और नकदी पार (Photo- Newstrack)
Auraiya News: औरैया के फफूँद थाना क्षेत्र के मुड़ी और खोयला गांवों में शनिवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दोनों घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवारों के अनुसार, चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 37 लाख रुपये बताई जा रही है। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घरों में बिखरा सामान देखकर चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद दोनों परिवारों ने थाना पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में पुलिस गश्त को लेकर नाराजगी भी देखने को मिल रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश की जा रही है।
शहर में हुई एक साथ दो चोरी
पहली घटना गांव मुड़ी में राजीव त्रिपाठी पुत्र अवधेश त्रिपाठी के घर हुई। बताया गया कि चोर पीछे की गली से घर में दाखिल हुए और खिड़की के जंगले का सरिया तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद चोर उस कमरे में पहुंचे जहां कोई नहीं सो रहा था। वहां से जीने के रास्ते ऊपर बने कमरे में जाकर अलमारी का लॉकर तोड़ दिया और उसमें रखे जेवर व नकदी चोरी कर ली।
पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी गए सामान की कीमत करीब 22 लाख रुपये आंकी गई है। घटना के समय राजीव त्रिपाठी और उनकी पत्नी सपना पास की छत पर सो रहे थे। राजीव रात करीब दो बजे जागे थे, उस समय सब कुछ सामान्य था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरी की वारदात रात दो बजे के बाद हुई।
पीड़ित ने बताया
दूसरी घटना गांव खोयला में विपेंद्र सिंह यादव पुत्र देवी सिंह के घर हुई। चोर कमरे के रास्ते घर के अंदर घुसे और वहां रखी तिजोरी का ताला खोलकर उसमें रखे कीमती जेवर व नकदी चोरी कर ली। घटना के समय विपेंद्र की पत्नी दीप्ति अपने दो बच्चों के साथ कमरे में सो रही थीं और कमरे का दरवाजा थोड़ा खुला हुआ था। चोर पीछे के दरवाजे से फरार हो गए, जिसे उन्होंने पहले ही खोल लिया था।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोरी गए सामान में सोने-चांदी के कई जेवर और करीब दस हजार रुपये नकद शामिल हैं। चोरी गए सामान की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।