Auraiya News: पुलिस ने लाखों की चोरी का किया खुलासा, एक वयस्क और बाल अपचारी गिरफ्तार

Auraiya News: दिवियापुर पुलिस ने 5 लाख की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक वयस्क और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया, 3.90 लाख नकद व चांदी बरामद की।

Update:2026-06-12 19:08 IST

पुलिस ने लाखों की चोरी का किया खुलासा, एक वयस्क और बाल अपचारी गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Auraiya News: औरैया जिले के दिवियापुर थाना पुलिस ने लाखों रुपये की चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक वयस्क आरोपी और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.90 लाख रुपये नकद तथा बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के पास से 18 नग तोड़िया, 6 नग पायल और 2 नग कमरबंद (सभी चांदी के) के अलावा 3 लाख 90 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

ये है पूरा मामला

यह मामला दिवियापुर निवासी प्रशांत पोरवाल पुत्र विनोद पोरवाल द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। शिकायत में बताया गया था कि 28 मई 2026 को अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे लगभग 5 लाख रुपये नकद और करीब 2 किलोग्राम चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर दिवियापुर पुलिस ने देर रात वेसुन्धरा तिराहे से आगे एक पुलिया के पास दबिश देकर एक आरोपी और एक बाल अपचारी को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों ने कबूला अपना जुर्म

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने पड़ोसी प्रशांत पोरवाल के घर में चोरी की थी। आरोपियों ने बताया कि पकड़े जाने के डर से चोरी का सामान वेसुन्धरा तिराहे से आगे फफूंद मार्ग पर बनी पुलिया के पास झाड़ियों में छिपा दिया था। कई दिनों बाद वे चोरी का माल आपस में बांटने के लिए वहां पहुंचे थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

पुलिस ने बरामदगी और आरोपियों के बयान के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार वयस्क आरोपी की पहचान गोपाल पोरवाल (35 वर्ष) निवासी नेहरू नगर, दिवियापुर के रूप में हुई है, जबकि दूसरा आरोपी एक बाल अपचारी है। पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Tags:    

Similar News