Azamgarh News: आजमगढ़ में अनिश्चितकालीन धरना स्थगित, प्रशासन से वार्ता के बाद लखनऊ बुलावा

Azamgarh News: आजमगढ़ में वाहन चालक कल्याण समिति का अनिश्चितकालीन धरना प्रशासन और परिवहन विभाग के अधिकारियों से वार्ता के बाद स्थगित कर दिया गया। प्रतिनिधिमंडल को मंगलवार को लखनऊ में परिवहन आयुक्त से वार्ता के लिए बुलाया गया है।

Update:2026-07-03 20:33 IST

Azamgarh News: वाहन चालक कल्याण समिति के आह्वान पर रिक्शा स्टैंड पर रविवार से चल रहे अनिश्चितकालीन धरने के चौथे दिन आखिरकार प्रशासन सक्रिय हुआ। आंदोलन और भिक्षाटन की घोषणा की जानकारी के बाद शुक्रवार को संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुनील दत्त और एआरटीओ प्रवर्तन अतुल कुमार यादव धरना स्थल पर पहुंचे और संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश यादव से बातचीत की।वार्ता के बाद अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले की जानकारी परिवहन आयुक्त को दे दी है।

आरटीओ के अनुसार, शीर्ष स्तर से निर्देश मिला है कि चालक प्रतिनिधिमंडल को मंगलवार को लखनऊ बुलाया जाए, जहां उनकी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा कर समाधान पर विचार किया जाएगा। वहीं, तीन दिनों तक कोई अधिकारी न पहुंचने के सवाल पर आरटीओ ने कहा कि उन्हें आज ही आंदोलन की जानकारी मिली थी।आरटीओ ने स्पष्ट किया कि यह वार्ता किसी दबाव में नहीं बल्कि शासन के निर्देश पर की गई है। बातचीत के बाद संगठन के अध्यक्ष सुरेश यादव से धरना समाप्त करने का अनुरोध किया गया। इसके बाद सुरेश यादव ने कहा कि संगठन प्रशासन के आश्वासन से सहमत है और शाम तक धरना समाप्त कर दिया जाएगा।हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आंदोलन समाप्त नहीं, बल्कि स्थगित किया जा रहा है।

लखनऊ में परिवहन आयुक्त के साथ होने वाली वार्ता के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। यादव ने बताया कि संगठन की 10 सूत्रीय मांगों में राष्ट्रीय चालक आयोग, ड्राइवर सुरक्षा बोर्ड और चालक कल्याण बोर्ड की स्थापना प्रमुख हैं।उन्होंने यह भी कहा कि सरकार से एक स्वतंत्र विभाग की मांग की जा रही है, जो चालकों की समस्याओं को सीधे शासन तक पहुंचाकर समाधान सुनिश्चित कर सके। आगामी मंगलवार को लखनऊ में होने वाली वार्ता के बाद आंदोलन की आगे की दिशा तय की जाएगी।

Tags:    

Similar News