Azamgarh News: डीएफओ कार्यालय का स्टेनो घूस लेते गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ पकड़ा
Azamgarh News: आजमगढ़ में एंटी करप्शन टीम ने डीएफओ कार्यालय में तैनात स्टेनो कपिलदेव यादव को 7,500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर पेड़ कटान की ऑनलाइन अनुमति दिलाने के नाम पर घूस मांगने का आरोप है।
Azamgarh News
Azamgarh News: आजमगढ़ जनपद में एंटी करप्शन टीम ने डीएफओ कार्यालय में तैनात स्टेनो कपिलदेव यादव को 7,500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मचा हुआ है।गिरफ्तार आरोपी पेड़ कटान की ऑनलाइन अनुमति दिलाने के नाम पर आवेदक से रिश्वत की मांग कर रहा था। जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर थाना क्षेत्र निवासी मनोज विश्वकर्मा ने एंटी करप्शन संगठन से शिकायत की थी कि उनकी पेड़ कटान संबंधी ऑनलाइन फाइल को आगे बढ़ाने और अनुमति दिलाने के बदले डीएफओ कार्यालय में तैनात स्टेनो कपिलदेव यादव रिश्वत मांग रहा है।
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता को 7,500 रुपये लेकर डीएफओ कार्यालय भेजा गया।जैसे ही स्टेनो ने शिकायतकर्ता से रुपये लिए, पहले से निगरानी कर रही एंटी करप्शन टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे मुख्य गेट के पास रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कपिलदेव यादव सिधारी थाना क्षेत्र का निवासी है और वर्ष 2001 से वन विभाग में कार्यरत है। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी कर्मचारी के खिलाफ पहले भी रिश्वतखोरी की शिकायतें सामने आई थीं, लेकिन उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी।इस कार्रवाई के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली, पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। एंटी करप्शन टीम का कहना है कि मामले की जांच जारी है। अब देखना होगा कि एंटी करप्शन टीम तहसील, थाना और ब्लॉक स्तर पर भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मचारियों पर किस तरह शिकंजा कसती है।