Azamgarh News :बाइक सवार आरपीएफ के जवान को कार ने मारी टक्कर, ट्रक के कुचलने से तोड़ा दम

Azamgarh News: आजमगढ़ में आरपीएफ जवान को कार ने टक्कर मारी, गिरने के बाद ट्रक की चपेट में आने से मौके पर मौत हो गई।

Update:2026-06-24 21:13 IST

Azamgarh News

Azamgarh News :24 जून आजमगढ़ जनपद मे रौनापार थाना क्षेत्र के महुला बाजार के पास बारात से घर लौटते समय बाइक सवार आरपीएफ जवान को पीछे से एक कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मऊ जनपद के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के सरंगुआ मेहरूपार गांव निवासी 36 वर्षीय प्रभात कुमार पटेल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में आरक्षी के पद पर तैनात थे। उनकी वर्तमान तैनाती पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में थी।

वह दो दिन पूर्व अवकाश लेकर अपने घर आए थे। मंगलवार को उनके गांव के एक मित्र की बारात रौनापार थाना क्षेत्र के बनकटिया गांव गई थी, जिसमें प्रभात कुमार भी शामिल हुए थे। रात करीब 10:30 बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे। जब वह महुला बाजार के पास पहुंचे, उस समय क्षेत्र में एक अन्य बारात भी गुजर रही थी। सड़क के एक तरफ डीजे और दूसरी तरफ खड़ी गाड़ियों के कारण रास्ता संकरा हो गया था।

इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में प्रभात कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और एक पुत्री को छोड़ गए हैं।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद प्रभात कुमार की सोने की चेन, अंगूठी और पर्स गायब हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर सामान बरामद करने की मांग की है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News