Azamgarh News : संदिग्ध परिस्थितियों में बृद्ध दम्पति की मौत,पुत्री ने जहर देकर मारने का लगाया आरोप
Azamgarh News: आजमगढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में वृद्ध दंपति की मौत से सनसनी फैल गई। मृतकों की बेटी ने जहर देकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस जांच में जुटी है।
Azamgarh News(Photo-Social Media)
Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोमाडीह गांव में रात क़ो एक दम्पति वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने के कारण क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं अचानक हुई इस घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, गोमाडीह गांव के निवासी श्यामलाल (70 वर्ष) पुत्र बाबूलाल तथा उनकी पत्नी बसंती देवी (65 वर्ष) शनिवार की सुबह परिजनों ने देखा की दोनों लोग मृत अवस्था में दिखाई दिये। सूचना पाकर चौकी प्रभारी अश्विनी कुमार मिश्रा तथा गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच जांच-पड़ताल मे जुट गई। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक श्यामलाल के चार पुत्र जियालाल, महेंद्र कुमार, कैलाश और अवधेश तथा एक पुत्री हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार, करीब चार दिन पूर्व संपत्ति के बंटवारे को लेकर श्यामलाल और उनके पुत्रों के बीच विवाद हुआ था।
श्यामलाल ने अपनी संपत्ति का बंटवारा पुत्रों में कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद शुक्रवार को फिर किसी बात को लेकर बेटों और बहुओं से उनका विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर पड़ोसियों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह मामले क़ो लेकर शांत कराया था। जिसके बाद शनिवार सुबह जब काफी देर तक घर के अंदर से कोई हलचल नहीं हुई तो परिजनों और ग्रामीणों को संदेह हुआ। घर के अंदर जाकर देखा गया तो श्यामलाल और उनकी पत्नी बसंती देवी मृत अवस्था में पड़े थे।
वहीं इस घटना की जानकारी फैलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया। मृतक दंपति की पुत्री कुमारी देवी ने अपने भाइयों और भाभियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके माता-पिता को जहर देकर मार दिया गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।