Azamgarh News: दुष्कर्म आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
Azamgarh News: आजमगढ़ में दुष्कर्म के आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
Azamgarh News(Photo-Social Media)
Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना तहबरपुर क्षेत्र में दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। पुलिस के अनुसार, 9 मई 2026 को थाना तहबरपुर क्षेत्र के ग्राम महुवार निवासी नखडू उर्फ साहब, पुत्र बेचन, उम्र करीब 20 वर्ष ने घर के बाहर खेल रही लगभग 9 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म किया था। घटना में बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद थाना तहबरपुर में मुकदमा संख्या 70/2026 के तहत धारा 65(2) बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 5m/6 में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, 10 मई 2026 की शाम थाना तहबरपुर के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक आदित्य कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी नखडू उर्फ साहब रैसिंहपुर से मंझारी बाजार की तरफ पैदल जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा। पुलिस ने जब घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई, लेकिन उसने दोबारा तमंचा तान दिया। इसके बाद थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक आदित्य कुमार सिंह ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस 315 बोर, एक मोबाइल फोन और 820 रुपये नकद बरामद किए हैं। 11 मई को घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में सीएचसी तहबरपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।
इस मुठभेड़ के संबंध में थाना तहबरपुर में मुकदमा संख्या 71/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धारा 9/25/27 में अलग से मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक आदित्य कुमार सिंह, उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी, उपनिरीक्षक मानचन्द्र यादव, उपनिरीक्षक मानसिंह यादव समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।