Baghpat News: आशा कार्यकर्ता की बोरे में मिली अर्धनग्न लाश, दुष्कर्म के बाद गोली मारकर हत्या की आशंका

Baghpat News: खामपुर गांव निवासी एक आशा कार्यकर्ता का शव शनिवार रात को संदिग्ध परिस्थितियों में एक निर्माणाधीन मकान में बोरे में बंद मिला। शव अर्धनग्न अवस्था में था, जिससे दुष्कर्म और हत्या की आशंका जताई जा रही है।

Report :  Paras Jain
Update:2025-07-20 12:45 IST

Baghpat News

Baghpat News: बागपत जनपद के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के खामपुर गांव निवासी एक आशा कार्यकर्ता का शव शनिवार रात को संदिग्ध परिस्थितियों में एक निर्माणाधीन मकान में बोरे में बंद मिला। शव अर्धनग्न अवस्था में था, जिससे दुष्कर्म और हत्या की आशंका जताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात करीब एक बजे बड़ौत की लक्ष्मीनगर कॉलोनी में आशा कार्यकर्ता का शव घर के पास एक निर्माणाधीन मकान के कमरे में पाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला को रात तक सामान्य अवस्था में घर के बाहर देखा गया था, लेकिन कुछ देर बाद वह लापता हो गई। बताया गया कि वह शनिवार को खामपुर गांव से बड़ौत कुछ सामान लेने के लिए आई थी।

जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इसके बाद घर के पास ही एक बोरे में उसका शव मिला। शव की हालत देखकर लोगों ने दुष्कर्म और हत्या की आशंका जताई है। एक महिला प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि शव पर खरोंच के कई निशान थे, जिससे जबरदस्ती की पुष्टि होती है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को सजा दिलाने की मांग की है।

पति ने जताया संदेह, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मृतका के पति ने उपेंद्र नामक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए बड़ौत कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी उपेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।बड़ौत क्षेत्राधिकारी विजय कुमार ने बताया कि अभी तक गोली लगने या दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि महिला और आरोपी उपेंद्र के बीच कुछ व्यक्तिगत संबंध थे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News