Baghpat News: बधाई के पैसों को लेकर बागपत में बवाल, किन्नर समाज के दो गुटों में सड़क पर जमकर मारपीट

Baghpat News: बागपत के खेकड़ा क्षेत्र में बधाई मांगने के अधिकार और आय को लेकर किन्नर समाज के दो गुट आमने-सामने आ गए। सड़क पर हुई जमकर मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

By :  Paras Jain
Update:2026-06-11 15:27 IST

Baghpat News

Baghpat News: बधाई मांगने के क्षेत्र और उससे होने वाली आय को लेकर बागपत में किन्नर समाज के दो गुटों के बीच जमकर बवाल हो गया। सड़क पर दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे, चप्पलें और लाठी-डंडे चले। इस हाई-वोल्टेज हंगामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है।

जानकारी के अनुसार, मामला खेकड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां बधाई मांगने के अधिकार और उससे होने वाली आमदनी को लेकर किन्नर समाज के दो गुटों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्ष सड़क पर आमने-सामने आ गए।वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दोनों गुटों के लोग एक-दूसरे पर जमकर हमला कर रहे हैं। सड़क पर धक्का-मुक्की, लात-घूंसे और लाठी-डंडों से मारपीट होती रही। मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए भिड़ते रहे।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस मारपीट में कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को भी जांच का महत्वपूर्ण आधार बनाया गया है। पुलिस संघर्ष में शामिल लोगों की पहचान करने और पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। वायरल वीडियो और प्राप्त शिकायतों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।

Tags:    

Similar News