Baghpat प्रदेश छोड़ेंगे अपराधी, व्यापारी नहीं- बड़ौत हत्याकांड पर राज्यमंत्री केपी मलिक का बड़ा बयान
Baghpat News: बड़ौत टेंट व्यापारी पिता-पुत्र हत्याकांड पर मंत्री केपी मलिक ने सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया, बोले अपराधियों को किसी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा।
Baghpat News
Baghpat News: बड़ौत में हुए चर्चित टेंट व्यापारी पिता-पुत्र हत्याकांड को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री केपी मलिक का बड़ा बयान सामने आया है। पीड़ित परिवार से मुलाकात करने पहुंचे मंत्री ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि यह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज और जिले का दुख है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी जो नजीर बनेगी।
राज्यमंत्री केपी मलिक ने कहा कि बड़ौत में हुई यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और पीड़ादायक है। इस हत्याकांड से केवल मृतकों का परिवार ही नहीं, बल्कि जिले का हर व्यक्ति दुखी और आहत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और किसी भी अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश में अब व्यापारियों को डरकर पलायन करने की जरूरत नहीं है। प्रदेश में यदि कोई पलायन करेगा तो वह अपराधी होंगे, व्यापारी नहीं। उन्होंने कहा, हम किसी भी सूरत में व्यापारियों को यहां से पलायन नहीं करने देंगे।
पलायन उनका होगा जो इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं। अपराधियों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है। केपी मलिक ने कहा कि इस मामले में शामिल सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाकर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। सरकार का उद्देश्य केवल अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि अपराध के प्रति समाज में मजबूत संदेश देना भी है। राज्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि सरकार उनकी हर संभव सहायता करेगी। साथ ही उन्होंने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।