Baghpat News: बागपत में मॉडिफाइड साइलेंसरों पर सख्ती: कई वाहन सीज, दिल्ली नंबर कार पर भी कार्रवाई

Baghpat News: बागपत में डीएम अस्मिता लाल के निर्देश पर मॉडिफाइड साइलेंसर और नियम तोड़ने वाले वाहनों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया। बड़ौत क्षेत्र में चेकिंग के दौरान कई वाहन सीज किए गए।

By :  Paras Jain
Update:2026-05-08 19:56 IST

Baghpat News

Baghpat News: जिलाधिकारी अस्मिता लाल के सख्त निर्देशों के बाद बागपत में मॉडिफाइड साइलेंसर और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। शुक्रवार को परिवहन विभाग की टीम ने बड़ौत क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर कई वाहनों पर कार्रवाई की। अभियान का असर यह रहा कि सड़क पर तेज आवाज और पटाखा जैसी ध्वनि निकालने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान चार मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही जब्त कर नष्ट किए गए। इसके अलावा विभिन्न नियमों के उल्लंघन में दो वाहनों को सीज किया गया, जबकि कई वाहन चालकों के चालान काटे गए। अधिकारियों के मुताबिक यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। वहीं कार्रवाई के दौरान दिल्ली नंबर की एक कार भी जांच के दायरे में आई। परिवहन विभाग द्वारा जारी चालान के अनुसार वाहन पर बिना परमिट संचालन, फिटनेस प्रमाणपत्र न होने, बीमा संबंधी कमी और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने समेत कई गंभीर उल्लंघन पाए गए। जिससे वाहन पर कुल 23 हजार रुपये का चालान भी किया गया है।

जिला प्रशासन का कहना है कि मॉडिफाइड साइलेंसरों से निकलने वाली तेज आवाज आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद डीएम अस्मिता लाल ने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। डीएम के निर्देश पर अब परिवहन विभाग, पुलिस और प्रशासन संयुक्त रूप से ऐसे वाहनों की पहचान कर कार्रवाई कर रहे हैं। अधिकारियों ने साफ किया है कि सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक शांति से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Tags:    

Similar News