Baghpat News: बागपत हवालात मौत कांड: युवक की मौत पर हंगामा, पुलिस पर आरोप
Baghpat News: दोघट थाना क्षेत्र की भड़ल चौकी में हिरासत के दौरान 23 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया, इलाके में तनाव का माहौल।
बागपत हवालात मौत कांड: युवक की मौत पर हंगामा, पुलिस पर आरोप (Photo- Newstrack)
Baghpat News: बागपत। जनपद के दोघट थाना क्षेत्र स्थित भड़ल पुलिस चौकी में हिरासत के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 23 वर्षीय रोहित राणा पुत्र जोगेंद्र, निवासी निरपुड़ा गांव के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
हिरासत में मौत से उठे सवाल
जानकारी के अनुसार, दोघट थाना क्षेत्र में एक खेत के ट्यूबवेल से हुई चोरी के मामले में पुलिस रोहित समेत चार युवकों को पूछताछ के लिए भड़ल पुलिस चौकी लेकर आई थी। बताया जा रहा है कि दिनभर पूछताछ के बाद पुलिस ने तीन युवकों को छोड़ दिया, जबकि रोहित को हिरासत में ही रखा गया।
इसी दौरान शाम को चौकी की बैरक नंबर एक में रोहित ने कथित रूप से पंखे से लटककर फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में युवक को मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना स्थित एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का हंगामा, हत्या का आरोप
मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में पुलिस चौकी पर इकट्ठा हो गए और जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग को जाम कर दिया और चौकी का घेराव किया।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने रोहित के साथ बर्बर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हुई है। उनका कहना है कि पुलिस मामले को आत्महत्या बताकर सच्चाई छिपाने का प्रयास कर रही है। ग्रामीणों ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय भी घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल कार्रवाई करते हुए भड़ल चौकी प्रभारी सुरेश कुमार समेत दो कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और परिजन न्याय की मांग को लेकर डटे हुए हैं।