Baghpat News: बागपत में पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गोतस्कर गिरफ्तार, तमंचा और बाइक बरामद
Baghpat News: बागपत के थाना दोघट क्षेत्र में पुलिस ने गोवध मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
Baghpat News
Baghpat News: जनपद बागपत में गोतस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दोघट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित पशु कटान के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में उसे घायल कर गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को थाना दोघट क्षेत्र के ग्राम फौलादनगर में प्रतिबंधित पशु कटान का मामला सामने आया था। मौके से प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने पर थाना दोघट में मुकदमा संख्या 241/2026 के तहत धारा 3/5/8 उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम तथा धारा 4/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया था।इस मामले में एक महिला आरोपी और वांछित अभियुक्त जावेद को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।इसी क्रम में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त वाजिद पुत्र भूरा, निवासी ग्राम फौलादनगर, मिलाना गांव के जंगल में मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरा देख वाजिद ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा एक टीवीएस रेडियन मोटरसाइकिल (UP17V 8469) बरामद की गई है।पुलिस अधीक्षक बागपत सूरज राय के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी पर पहले से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।वहीं, क्षेत्राधिकारी बड़ौत अंशु जैन ने बताया कि गोवध और संगठित अपराध में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।